CG Politics: कांग्रेस प्रशिक्षण शिविर पर बीजेपी-कांग्रेस में जुबानी जंग, केदार कश्यप के बयान पर सचिन पायलट का पलटवार

0
8

रायपुर। CG DASTAK 

अभनपुर में चल रहे कांग्रेस के 10 दिवसीय प्रशिक्षण शिविर को लेकर छत्तीसगढ़ की सियासत गरमा गई है। प्रशिक्षण शिविर पर बीजेपी द्वारा लगातार निशाना साधे जाने के बीच कैबिनेट मंत्री केदार कश्यप ने कांग्रेस पर तीखा हमला बोला। वहीं उनके बयान पर कांग्रेस प्रदेश प्रभारी सचिन पायलट ने पलटवार करते हुए बीजेपी को अपने संगठन और सरकार की चिंता करने की नसीहत दी।

केदार कश्यप ने कांग्रेस पर साधा निशाना

कैबिनेट मंत्री केदार कश्यप ने आरोप लगाया कि कांग्रेस अपनी विचारधारा ही भूल चुकी है। उन्होंने कहा कि प्रशिक्षण शिविर में जिला अध्यक्षों को पार्टी की आइडियोलॉजी सिखाई जा रही है। उन्होंने सवाल उठाया कि यदि जिला अध्यक्षों को ही पार्टी की विचारधारा नहीं पता, तो उन्हें उस पद पर कैसे नियुक्त किया गया। कश्यप ने इसे कांग्रेस की गुटबाजी और तुष्टिकरण की राजनीति का परिणाम बताया।

सचिन पायलट का पलटवार

केदार कश्यप के बयान पर कांग्रेस प्रदेश प्रभारी सचिन पायलट ने जवाब देते हुए कहा कि बीजेपी नेताओं को कांग्रेस की नहीं, बल्कि अपने दल की चिंता करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि सरकार के भीतर रोज़ खींचतान चल रही है कि कौन रहेगा और कौन जाएगा। ऐसे में बीजेपी को अपने संगठन और सरकार पर ध्यान देना चाहिए।

बीजेपी के षड्यंत्रों का जवाब देने की दी जा रही ट्रेनिंग”

सचिन पायलट ने कहा कि प्रशिक्षण शिविर में जिला अध्यक्षों को बीजेपी के कथित षड्यंत्रों का जवाब देने, सरकार के वादों और नीतियों को जनता के सामने रखने तथा संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने का प्रशिक्षण दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार के “झूठे वादों” को जनता के सामने उजागर करने की रणनीति भी इसी शिविर में तैयार की जा रही है।

दिल्ली के आदेशों पर चल रही है सरकार”

सचिन पायलट ने आरोप लगाया कि राज्य सरकार दिल्ली के निर्देशों पर काम कर रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस जिला अध्यक्षों को संगठनात्मक रूप से मजबूत कर रही है और यह प्रशिक्षण देश का 14वां ऐसा शिविर है। उन्होंने दावा किया कि आगामी विधानसभा चुनाव को देखते हुए बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत कर सरकार के खिलाफ प्रभावी लड़ाई लड़ी जाएगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here