बिलासपुर में दिवाली की रात दर्दनाक हादसे: 4 सड़क दुर्घटनाओं में 5 लोगों की मौत, कई परिवारों में पसरा मातम

0

बिलासपुर। CG DASTAK 

बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में दिवाली की खुशियां सड़क हादसों के कारण मातम में बदल गईं। जिले में अलग-अलग चार सड़क दुर्घटनाओं में पांच लोगों की मौत हो गई, जबकि कई लोग घायल हुए हैं। हादसों में बाइक सवार, कार सवार और बुजुर्ग शामिल हैं। इन घटनाओं ने एक बार फिर तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने के खतरों को उजागर कर दिया है।

रायपुर से घर लौट रहे दो सगे भाइयों की ट्रेलर की टक्कर से मौत

दिवाली की रात रायपुर से घर लौट रहे बाइक सवार दो सगे भाइयों को ट्रेलर ने टक्कर मार दी। हादसा इतना गंभीर था कि दोनों भाइयों की मौके पर ही मौत हो गई। त्योहार मनाने घर लौट रहे परिवार की खुशियां इस दुर्घटना के बाद मातम में बदल गईं।

सरकंडा में बुलेट सवार युवक की मौत, CCTV में कैद हुआ हादसा

सरकंडा थाना क्षेत्र के लोयोला स्कूल रोड पर रविवार देर रात करीब 2 बजे एक दर्दनाक हादसा हुआ। जानकारी के मुताबिक, कारोबारी युवक आयुष गुप्ता अपने दोस्तों से मिलकर बुलेट बाइक से घर लौट रहे थे। इसी दौरान सामने चल रही थार गाड़ी के चालक ने बिना इंडिकेटर दिए अचानक गाड़ी मोड़ दी। पीछे से आ रहे आयुष बाइक पर नियंत्रण नहीं रख सके और थार से टकरा गए।

हादसे में आयुष को गंभीर चोटें आईं और उनकी मौत हो गई। बताया गया कि फरवरी में उनकी शादी होने वाली थी। घटना का CCTV फुटेज भी सामने आया है। सरकंडा पुलिस मामले की जांच कर रही है।

सकरी में बाइक की टक्कर से 75 वर्षीय बुजुर्ग की मौत

सकरी थाना क्षेत्र के लाखासार मोड़ पर सोमवार को बाइक की टक्कर से 75 वर्षीय बुजुर्ग जेठूराम दिनकर गंभीर रूप से घायल हो गए। वे अपनी टीवीएस एक्सएल मोपेड से जा रहे थे। इसी दौरान एक प्लैटिना बाइक ने उनकी मोपेड को टक्कर मार दी।

घायल जेठूराम को पुलिस वाहन की मदद से सिम्स अस्पताल पहुंचाया गया। उपचार के बाद उनकी हालत में सुधार होने पर उन्हें छुट्टी दे दी गई थी, लेकिन शाम करीब 4 बजे अचानक उनकी मौत हो गई।

परिजनों ने हादसे में आई चोटों को मौत का कारण बताया है। मृतक के परिजनों की रिपोर्ट पर सकरी पुलिस ने प्लैटिना बाइक चालक के खिलाफ BNS की धारा 106(1) के तहत मामला दर्ज किया है।

सड़क सुरक्षा पर फिर उठे सवाल

दिवाली के दौरान हुई इन चार दुर्घटनाओं में पांच लोगों की जान चली गई। कहीं तेज रफ्तार और अनियंत्रित वाहन हादसे की वजह बने, तो कहीं अचानक मोड़ने और यातायात नियमों की अनदेखी के आरोप सामने आए हैं।

इन घटनाओं ने सड़क सुरक्षा, वाहन चालकों की जिम्मेदारी और यातायात नियमों के पालन को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस सभी मामलों की जांच कर रही है।

 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here