बलरामपुर के तीन विकासखंडों में करमा महोत्सव की धूम, कृषि मंत्री रामविचार नेताम ने बजाया मांदर

0

बलरामपुर। CG DASTAK 

बलरामपुर। छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिले में जनजातीय संस्कृति, परंपरा और लोककला का अनूठा संगम देखने को मिला। जिले के रामचंद्रपुर, शंकरगढ़ और राजपुर विकासखंडों में विकासखंड स्तरीय करमा महोत्सव का आयोजन किया गया। महोत्सव में पारंपरिक मांदर की थाप पर कलाकारों ने शानदार करमा नृत्य और लोकगीतों की प्रस्तुति देकर दर्शकों का मन मोह लिया।

रामचंद्रपुर में आयोजित कार्यक्रम में कृषि विकास एवं किसान कल्याण मंत्री रामविचार नेताम मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने कलाकारों के बीच पहुंचकर मांदर भी बजाया और जनजातीय संस्कृति के प्रति अपना जुड़ाव प्रदर्शित किया।

वहीं शंकरगढ़ और राजपुर में आयोजित कार्यक्रमों में सामरी विधायक उद्धेश्वरी पैकरा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं।

तीनों विकासखंडों में अलग-अलग स्थानों पर हुआ आयोजन

रामचंद्रपुर में जनपद पंचायत परिसर में करमा महोत्सव आयोजित किया गया। शंकरगढ़ में स्वर्गीय लरंग साय स्टेडियम और राजपुर में शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, महुआपारा के खेल मैदान में कार्यक्रम संपन्न हुआ।

मांदर की थाप पर झूमे कलाकार और दर्शक

महोत्सव में कलाकार पारंपरिक वेशभूषा में पहुंचे। उन्होंने मांदर की थाप पर करमा नृत्य और लोकगीतों की मनमोहक प्रस्तुतियां दीं। कलाकारों की प्रस्तुति देखकर दर्शक भी उत्साह से झूम उठे और तालियां बजाकर उनका उत्साहवर्धन किया।

जिला और राज्य स्तर पर मिलेगा प्रतिभागियों को अवसर

उत्तर छत्तीसगढ़ क्षेत्र जनजातीय लोकनृत्य महोत्सव 2026 का आयोजन ग्राम पंचायत, विकासखंड, जिला और राज्य स्तर पर किया जा रहा है। विकासखंड स्तर पर चयनित दल जिला स्तरीय महोत्सव में अपनी प्रस्तुति देंगे।

जिला स्तर पर विजेता दलों को पुरस्कृत किया जाएगा। इसके साथ ही उन्हें राज्य स्तरीय महोत्सव में अपनी कला और संस्कृति प्रदर्शित करने का अवसर मिलेगा।

करमा महोत्सव के माध्यम से जनजातीय समाज की समृद्ध परंपराओं, लोकनृत्य और सांस्कृतिक विरासत को नई पहचान देने का प्रयास किया जा रहा है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here