CG News: बिलासपुर में विवाहिता की संदिग्ध मौत, शरीर पर मिले चोट के निशान; मायके पक्ष ने लगाया हत्या का आरोप

0
12

बिलासपुर। CG DASTAK 

छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतका के शरीर पर चोट के निशान मिलने के बाद मायके पक्ष ने हत्या का आरोप लगाते हुए निष्पक्ष जांच और ससुराल पक्ष के खिलाफ मामला दर्ज करने की मांग की है। वहीं, पति का कहना है कि उसकी पत्नी ने फांसी लगाकर आत्महत्या की थी। मामला सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र का है।

जानकारी के अनुसार, उत्तर प्रदेश के सोनभद्र जिले के मधुपुर निवासी अदिति मौर्य (28) की शादी 10 फरवरी 2019 को बिलासपुर के दयालबंद मधुबन रोड निवासी रविकांत मौर्य से हुई थी। दंपती की 13 माह की एक बेटी भी है। रविकांत तिफरा सब्जी मंडी में व्यवसाय करता है। परिजनों का आरोप है कि पति का दूसरी महिला से संबंध होने को लेकर दोनों के बीच अक्सर विवाद होता था।

पति ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि वह बेटी को लेकर ऊपर के कमरे में सो रहा था, जबकि अदिति नीचे थी। सुबह नीचे आने पर पत्नी बेड पर मिली। उसका दावा है कि अदिति ने सिल्क की साड़ी से फांसी लगाने की कोशिश की थी, लेकिन फंदा खुलने से वह नीचे गिर गई।

इधर, मायके पक्ष का कहना है कि अदिति के हाथ, गर्दन और पैरों पर चोट के निशान मिले हैं, जिससे उन्हें हत्या की आशंका है। उन्होंने पुलिस से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फोरेंसिक जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here