
रायपुर। CG DASTAK
राजधानी रायपुर के खमतराई थाना क्षेत्र स्थित डब्ल्यूआरएस (WRS) कॉलोनी मैदान में हुए चर्चित हत्याकांड का पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया है। एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट तथा खमतराई थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के अनुसार, 21-22 जून की दरमियानी रात अज्ञात आरोपियों ने एक व्यक्ति के साथ बेरहमी से मारपीट कर उसकी हत्या कर दी थी। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू की। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर तंत्र की मदद से आरोपियों की पहचान कर उन्हें हिरासत में लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान तुषार सोनी और पीयूष मानिकपुरी के रूप में हुई है। पूछताछ में दोनों ने बताया कि घटना के समय वे शराब के नशे में थे। इसी दौरान मृतक के साथ हुए मामूली विवाद ने हिंसक रूप ले लिया और गुस्से में उन्होंने मारपीट कर उसकी हत्या कर दी।
पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ हत्या सहित संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है। साथ ही पुलिस घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।










