
धरसीवां। CG DASTAK

छत्तीसगढ़ सरकार जहां प्रदेशभर में विशेष स्वच्छता अभियान चलाकर गांवों को स्वच्छ और सुंदर बनाने का संदेश दे रही है, वहीं रायपुर जिले के धरसीवां ग्राम पंचायत से एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसने इस अभियान पर सवाल खड़े कर दिए हैं। यहां स्वच्छता के प्रति लोगों को जागरूक करने वाली एक आदिवासी महिला पंच के साथ कथित रूप से मारपीट की गई।
जानकारी के अनुसार, ग्राम पंचायत धरसीवां के वार्ड क्रमांक-2 की पंच मानकी नेताम ने अपने वार्ड के लोगों से घरों का गंदा पानी सड़क पर नहीं बहाने और स्वच्छता बनाए रखने की अपील की थी। आरोप है कि इसी बात से नाराज होकर गुड्डा नामक व्यक्ति और उसके परिजनों ने महिला पंच के साथ मारपीट कर दी।
बताया जा रहा है कि घटना के समय मानकी नेताम मजदूरी का कार्य कर रही थीं। इसी दौरान आरोपियों ने उनके साथ मारपीट की। पूरी घटना वहां लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई, जिसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर भी सामने आया है।
चार आरोपियों पर केस दर्ज
धरसीवां थाना प्रभारी राजेंद्र दीवान ने बताया कि पीड़ित महिला पंच की शिकायत के आधार पर चार लोगों के खिलाफ अपराध दर्ज कर लिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और सीसीटीवी फुटेज सहित अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
सरपंच ने की कड़ी कार्रवाई की मांग
ग्राम पंचायत के सरपंच साहिल खान ने घटना की निंदा करते हुए कहा कि यदि गांव को स्वच्छ बनाने के लिए काम कर रहे जनप्रतिनिधियों के साथ ही मारपीट होगी, तो स्वच्छता अभियान का उद्देश्य कैसे पूरा होगा। उन्होंने दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।










