CG News: भिलाई की युवती की राजनांदगांव रिसॉर्ट में संदिग्ध मौत, साथ आए लोग फरार; पुलिस जांच में जुटी

0
32

राजनांदगांव। CG DASTAK 

छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव जिले के मनगट्टा स्थित विसली वुड रिसॉर्ट में भिलाई की एक 24 वर्षीय युवती की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। घटना के बाद रिसॉर्ट और आसपास के क्षेत्र में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार, मृतका की पहचान मुस्कान तिवारी (24 वर्ष) निवासी भिलाई के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह अपने कुछ साथियों के साथ रिसॉर्ट में ठहरी हुई थी। देर रात वह बाथरूम गई, जहां वह बेहोशी की हालत में मिली। बुधवार सुबह करीब 8 बजे रिसॉर्ट प्रबंधन को इसकी जानकारी मिली, जिसके बाद उसे तत्काल जिला अस्पताल ले जाया गया। वहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

मामले को और अधिक संदिग्ध तब माना जा रहा है क्योंकि युवती के साथ रिसॉर्ट में ठहरे अन्य लोग सुबह होने से पहले ही वहां से चले गए। पुलिस अब उनकी पहचान और तलाश में जुटी हुई है। साथ ही रिसॉर्ट के कर्मचारियों और अन्य संबंधित लोगों से पूछताछ की जा रही है।

पुलिस ने बताया कि फिलहाल मामले को संदिग्ध मौत मानते हुए सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगा।

मामले में एडिशनल एसपी कीर्तन राठौर ने बताया कि प्रकरण दर्ज कर लिया गया है। मृतका का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है और पुलिस हर पहलू से जांच कर रही है। उन्होंने कहा कि जांच पूरी होने के बाद मौत के कारणों का खुलासा किया जाएगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here