
पाटन। CG DASTAK 
दुर्ग जिले के पाटन में एक युवक से गाली-गलौज, मारपीट और उसकी मोटरसाइकिल में तोड़फोड़ करने के मामले में नया मोड़ सामने आया है। मामले में आरोपी आकाश मुरली तिवारी ने थाना प्रभारी के नाम लिखित रूप से माफी मांगते हुए अपने व्यवहार पर खेद व्यक्त किया है।

जानकारी के अनुसार, पाटन निवासी आकाश मुरली तिवारी पर एक स्थानीय युवक ने गाली-गलौज, मारपीट और उसकी मोटरसाइकिल को नुकसान पहुंचाने का आरोप लगाया था। घटना का वीडियो पीड़ित द्वारा सोशल मीडिया पर साझा किए जाने के बाद मामला तेजी से चर्चा में आ गया।
घटना की जानकारी मिलते ही सतनामी समाज के कई लोग पाटन थाना पहुंचे। वहीं भाजपा अनुसूचित जाति प्रकोष्ठ के जिला उपाध्यक्ष खेमलाल देशलहरे ने भी थाना पहुंचकर थाना प्रभारी से मुलाकात की और मामले में उचित कार्रवाई की मांग की।
थाने में दोनों पक्षों के बीच चर्चा के बाद आकाश मुरली तिवारी ने थाना प्रभारी के नाम लिखित आवेदन प्रस्तुत कर अपने व्यवहार के लिए माफी मांगी। फिलहाल पुलिस मामले की परिस्थितियों और दोनों पक्षों के बयान के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई कर रही है।










