CG News: पाटेश्वर धाम विवाद पर आज आदिवासी समाज का बड़ा प्रदर्शन, 3000 जवान तैनात; बालोद हाई अलर्ट पर

0
65

बालोद। छत्तीसगढ़ के बालोद जिले में पाटेश्वर धाम विवाद को लेकर तनाव लगातार बढ़ता जा रहा है। डौंडीलोहारा ब्लॉक के तुएगोंदी गांव स्थित पाटेश्वर धाम आश्रम को लेकर सर्व आदिवासी समाज ने आज 20 जून को ‘संरक्षण जातरा’ और बड़े आंदोलन का आह्वान किया है। संभावित प्रदर्शन को देखते हुए जिला प्रशासन ने पूरे क्षेत्र में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं और 3000 से अधिक पुलिस जवानों की तैनाती की गई है।

विवाद की मुख्य वजह आश्रम परिसर में स्थित आदिवासी समाज के पारंपरिक देवस्थलों को लेकर है। समाज का आरोप है कि आश्रम परिसर में स्थित कुंड का नवनिर्माण कर उसके मूल स्वरूप से छेड़छाड़ की गई है तथा जामड़ीपाठ स्थित देवस्थल तक पहुंचने का रास्ता भी बाधित कर दिया गया है। इसके अलावा समाज ने आश्रम पर वन भूमि पर कथित अतिक्रमण और बड़े पैमाने पर निर्माण कार्य कराने के भी आरोप लगाए हैं।

वहीं, पाटेश्वर धाम आश्रम की ओर से कहा गया है कि संत हमेशा निष्पक्ष होते हैं. उनका दावा है कि उनके गुरु को दशकों पहले आदिवासियों ने ही यहां बैठाया था और परिसर में मां कौशल्या धाम का निर्माण सनातन संस्कृति के प्रचार-प्रसार के उद्देश्य से किया जा रहा है। आश्रम पक्ष का कहना है कि बातचीत के माध्यम से विवाद का समाधान निकाला जा सकता है।

आदिवासी समाज का कहना है कि प्रशासन ने मामले में कार्रवाई के लिए 20 जून तक का समय मांगा था। समयसीमा पूरी होने के बाद समाज ने आंदोलन की घोषणा की है। प्रदर्शन के दौरान बड़ी संख्या में लोगों के शामिल होने की संभावना को देखते हुए प्रशासन ने जिले की सीमाओं को सील कर दिया है तथा संवेदनशील क्षेत्रों और आसपास के गांवों में विशेष निगरानी रखी जा रही है।

फिलहाल जिला प्रशासन लोगों से शांति बनाए रखने की अपील कर रहा है। पूरे घटनाक्रम पर प्रशासन की लगातार नजर बनी हुई है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here