
लिमहाटोला गांव में सुबह करीब 5 बजे हुआ हादसा, देखते ही देखते पूरी गाड़ी जलकर हुई खाक
CG DASTAK
छत्तीसगढ़ के बालोद जिले में मंगलवार सुबह एक खड़ी हाइवा में अचानक भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते पूरी गाड़ी उसकी चपेट में आ गई और जलकर खाक हो गई। घटना के दौरान हाइवा में सो रहे ड्राइवर ने समय रहते बाहर छलांग लगाकर अपनी जान बचा ली।
यह घटना डौंडी थाना क्षेत्र के लिमहाटोला गांव की है। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलने पर पुलिस और दमकल की टीम पहुंची और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
सड़क किनारे खड़ी थी हाइवा
जानकारी के मुताबिक, ड्राइवर ने अपनी हाइवा को लिमहाटोला गांव के पास सड़क किनारे खड़ा किया था। रात होने के कारण वह गाड़ी के अंदर ही सो रहा था। इसी दौरान मंगलवार सुबह करीब 5 बजे अचानक हाइवा में आग लग गई।
ड्राइवर की नींद खुली तो उसने गाड़ी में आग की लपटें उठती देखीं। खतरे को भांपते हुए उसने बिना देर किए हाइवा से बाहर छलांग लगा दी। इस तरह उसकी जान बच गई।
देखते ही देखते पूरी गाड़ी जलकर हुई खाक
आग ने कुछ ही देर में पूरी हाइवा को अपनी चपेट में ले लिया। लपटें इतनी तेज थीं कि गाड़ी को बचाने का मौका नहीं मिल पाया। देखते ही देखते हाइवा पूरी तरह जलकर खाक हो गई।
घटना की सूचना मिलने पर डायल 112 और डौंडी पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। इसके बाद फायर ब्रिगेड को बुलाया गया। दमकल कर्मियों ने मौके पर पहुंचकर काफी मशक्कत की और आग पर काबू पाया।
आग लगने का कारण स्पष्ट नहीं
इस घटना में ड्राइवर की जान बच गई, लेकिन हाइवा पूरी तरह जल गई। फिलहाल आग लगने का वास्तविक कारण सामने नहीं आया है। शॉर्ट सर्किट या किसी अन्य वजह की पुष्टि नहीं हुई है।
डौंडी पुलिस ने मामले में आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। आग लगने के कारणों का पता जांच के बाद ही चल सकेगा।









