
News:कोरबा। CG DASTAK

जनपद पंचायत पोड़ी उपरोड़ा के अंतर्गत आने वाले जनपद सदस्यों और सरपंच संघ ने निर्माण कार्यों की आईडी जारी नहीं होने के विरोध में प्रशासन के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। नाराज जनप्रतिनिधियों ने अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) पोड़ी उपरोड़ा को ज्ञापन सौंपते हुए चेतावनी दी है कि यदि 7 दिनों के भीतर समस्या का समाधान नहीं हुआ तो जनपद कार्यालय में तालाबंदी कर राष्ट्रीय राजमार्ग-130 (NH-130) पर अनिश्चितकालीन चक्काजाम और धरना प्रदर्शन किया जाएगा।
पहले भी कर चुके हैं बैठक का बहिष्कार
ज्ञापन के अनुसार, निर्माण कार्यों की आईडी जारी नहीं होने से नाराज जनपद सदस्यों ने 15 जून 2026 को आयोजित सामान्य सभा की बैठक का बहिष्कार किया था। इसके बाद जनप्रतिनिधियों ने जनपद कार्यालय में तालाबंदी कर विरोध प्रदर्शन भी किया था।
अधिकारों के हनन का लगाया आरोप
सरपंच संघ और जनपद सदस्यों का कहना है कि आईडी नहीं मिलने के कारण निर्माण कार्यों की प्रगति, स्वीकृति और भुगतान की स्थिति की जानकारी नहीं मिल पा रही है। इससे विकास कार्य प्रभावित हो रहे हैं और सरपंचों को कार्यों के संचालन में गंभीर परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने इसे जनप्रतिनिधियों के अधिकारों का हनन बताया है।
उग्र आंदोलन की चेतावनी
जनप्रतिनिधियों ने प्रशासन को सात दिन का अल्टीमेटम देते हुए कहा है कि यदि तय समय के भीतर समस्या का स्थायी समाधान नहीं किया गया तो वे अंबिकापुर-बिलासपुर राष्ट्रीय राजमार्ग (NH-130) पर चक्काजाम, जनपद कार्यालय में अनिश्चितकालीन तालाबंदी और धरना प्रदर्शन करेंगे। उन्होंने स्पष्ट किया कि मांगें पूरी होने तक आंदोलन जारी रहेगा।









