CG News: धमतरी में खाद की कालाबाजारी पर बड़ी कार्रवाई, दो उर्वरक दुकानों के लाइसेंस निलंबित

0
7

धमतरी। CG DASTAK 

खरीफ सीजन में खाद-उर्वरकों की कालाबाजारी और अनियमितताओं पर रोक लगाने के लिए कृषि विभाग ने जिले में बड़ी कार्रवाई की है। आकस्मिक निरीक्षण के दौरान दो उर्वरक दुकानों के लाइसेंस तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिए गए हैं, जबकि तीन अन्य विक्रेताओं को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है।

निरीक्षण में मिली गंभीर अनियमितताएं

कलेक्टर अविनाश मिश्रा और कृषि संचालक राहुल देव के निर्देश पर कृषि विभाग की टीम ने धमतरी और कुरूद विकासखंड के विभिन्न खाद-उर्वरक विक्रय केंद्रों का निरीक्षण किया। जांच के दौरान यादव खाद भंडार (दानीटोला) और रूपाली कृषि केंद्र (रामबाग) में पीओएस मशीन के रिकॉर्ड और भौतिक स्टॉक में अंतर पाया गया। साथ ही मूल्य सूची और स्टॉक सूची का प्रदर्शन भी नहीं किया गया था।

इन गंभीर अनियमितताओं को देखते हुए दोनों प्रतिष्ठानों के लाइसेंस निलंबित कर दिए गए।

तीन दुकानों को नोटिस

निरीक्षण के दौरान कुणाल कृषि केंद्र, सूरज कृषि केंद्र और सांई कृषि केंद्र में भी अनियमितताएं मिलने पर कृषि विभाग ने कारण बताओ नोटिस जारी कर जवाब मांगा है।

1 जुलाई से चलेगा विशेष अभियान

कृषि विभाग ने बताया कि 1 जुलाई से 31 अगस्त तक जिले में विशेष उर्वरक विक्रय सतर्कता अभियान चलाया जाएगा। इस दौरान जमाखोरी, कालाबाजारी और अधिक कीमत पर खाद बेचने वालों पर कड़ी निगरानी रखी जाएगी।

किसानों से अपील

जिला प्रशासन ने किसानों से केवल अधिकृत सहकारी समितियों और लाइसेंसधारी विक्रेताओं से ही खाद-उर्वरक खरीदने की अपील की है। प्रशासन ने बताया कि जिले में फिलहाल पर्याप्त मात्रा में उर्वरक उपलब्ध है और खरीफ सीजन में किसी भी प्रकार की कमी नहीं होने दी जाएगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here