CG News: सिरपुर बनेगा विश्वस्तरीय पर्यटन केंद्र, लाइट एंड साउंड शो, बांस राफ्टिंग और यूनेस्को सूची की तैयारी तेज

0
11

रायपुर। CG DASTAK

छत्तीसगढ़ सरकार ने ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और आध्यात्मिक नगरी सिरपुर को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय पर्यटन मानचित्र पर नई पहचान दिलाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है। पर्यटन विभाग के सचिव डॉ. एस. भारती दासन की अध्यक्षता में आयोजित अंतर्विभागीय समिति की बैठक में सिरपुर के समग्र विकास, पर्यटन सुविधाओं के विस्तार और इसे विश्वस्तरीय विरासत स्थल के रूप में विकसित करने के लिए कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए।

यूनेस्को विश्व धरोहर सूची में शामिल कराने की तैयारी

बैठक में सिरपुर को यूनेस्को की विश्व विरासत सूची की मिश्रित श्रेणी में शामिल कराने के प्रस्ताव को शीघ्र अंतिम रूप देने और सभी विभागों को समन्वित रूप से कार्य करने के निर्देश दिए गए। अधिकारियों ने सिरपुर की बौद्ध, जैन और हिंदू विरासत को वैश्विक स्तर पर स्थापित करने पर जोर दिया।

लाइट एंड साउंड शो और नए पर्यटन आकर्षण

पर्यटकों को बेहतर अनुभव देने के लिए सुरंग टीला में अत्याधुनिक लाइट एंड साउंड शो विकसित किया जाएगा। वहीं कोडार डैम और रायकेश तालाब में बांस राफ्टिंग, नौकायन, कैंटीन संचालन जैसी पर्यटन गतिविधियां शुरू करने का निर्णय लिया गया है, जिससे स्थानीय लोगों को रोजगार भी मिलेगा।

पर्यटन सुविधाओं का होगा विस्तार

लक्ष्मण मंदिर परिसर के आसपास पार्किंग, स्मृति चिन्ह केंद्र, पेयजल, शौचालय, कैफेटेरिया और अन्य बुनियादी सुविधाओं का शीघ्र विकास किया जाएगा। साथ ही स्थानीय गाइडों को प्रशिक्षित कर उनकी सूची पर्यटन सूचना केंद्रों पर प्रदर्शित की जाएगी तथा विदेशी भाषाओं का प्रशिक्षण भी दिया जाएगा।

सिरपुर महोत्सव होगा और भव्य

बैठक में आगामी सिरपुर महोत्सव को और अधिक भव्य बनाने, दक्षिण एशियाई देशों से पर्यटकों को आकर्षित करने के लिए विशेष प्रचार-प्रसार की रणनीति तैयार करने तथा राज्य स्तरीय संग्रहालय को पीपीपी मॉडल पर विकसित करने का निर्णय भी लिया गया।

हर तीन महीने में होगी समीक्षा

पर्यटन सचिव ने निर्देश दिए कि विकास कार्यों की समीक्षा के लिए अंतर्विभागीय समिति की बैठक प्रत्येक तीन माह में नियमित रूप से आयोजित की जाएगी। उन्होंने कहा कि सिरपुर को उसकी ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और आध्यात्मिक विरासत के अनुरूप विश्वस्तरीय पर्यटन गंतव्य बनाना राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here