CG News: ओडिशा से महाराष्ट्र जा रही 24 लाख की गांजा खेप जब्त, 48 किलो से अधिक गांजा बरामद, 3 तस्कर गिरफ्तार

0
28

गरियाबंद। CG DASTAK 

छत्तीसगढ़ के गरियाबंद जिले में देवभोग पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए ओडिशा से महाराष्ट्र ले जाई जा रही 48.300 किलोग्राम गांजा की खेप जब्त की है। खुटगांव अंतरराज्यीय चेक पोस्ट पर दो अलग-अलग कार्रवाई में पुलिस ने दो कारों, चार मोबाइल फोन समेत करीब 31.31 लाख रुपये की सामग्री जब्त की है। मामले में तीन तस्करों को गिरफ्तार कर एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है।

खुटगांव चेक पोस्ट पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई

थाना प्रभारी फैजुल हुदा शाह ने बताया कि 29 और 30 जून 2026 को खुटगांव अंतरराज्यीय चेक पोस्ट पर संदिग्ध वाहनों की सघन जांच की जा रही थी। इसी दौरान ओडिशा से छत्तीसगढ़ होकर महाराष्ट्र जा रहे दो चारपहिया वाहनों को रोककर तलाशी ली गई।

दो कारों से 48.300 किलो गांजा बरामद

पहली कार्रवाई में कार क्रमांक CG 08 AA 2218 की डिक्की से प्लास्टिक की बोरी में रखा 8.100 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ।

दूसरी कार्रवाई में मारुति रिट्ज (MH 51 A 2012) की तलाशी के दौरान दो प्लास्टिक की बोरियों में छिपाकर रखा गया 40.200 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया। पुलिस के अनुसार, गांजे को इस तरह छिपाया गया था कि सामान्य जांच में आसानी से दिखाई न दे।

तीन आरोपी गिरफ्तार

पुलिस ने इस मामले में निम्न आरोपियों को गिरफ्तार किया है—

जितेंद्र बोलकेकर (41), निवासी नेवरे, जिला दुर्ग

परसू राम पोड़ (35), निवासी ग्राम आरस्ता, जिला सांगली (महाराष्ट्र)

पंकज वाघमोडे (34), निवासी कोकलेरू, जिला सांगली (महाराष्ट्र)

31.31 लाख की जब्ती, नेटवर्क की जांच जारी

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 48.300 किलोग्राम गांजा, दो कारें और चार मोबाइल फोन जब्त किए हैं। जब्त सामग्री की कुल कीमत करीब 31.31 लाख रुपये आंकी गई है, जिसमें गांजे की अनुमानित कीमत 24 लाख रुपये है।

थाना देवभोग में आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(b) के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि गांजे की खेप कहां से लाई गई थी और इसे महाराष्ट्र में किस स्थान तक पहुंचाया जाना था।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here