
धमतरी। CG DASTAK

छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में पुलिस ने महज 48 घंटे के भीतर एक अंधे कत्ल की गुत्थी सुलझा ली। जिस मामले को पहले आत्महत्या माना जा रहा था, वह वैज्ञानिक जांच में सुनियोजित हत्या निकला। सबसे चौंकाने वाली बात यह रही कि हत्या के आरोप में मृतक की मां और भाई को गिरफ्तार किया गया है। मामला कुरूद थाना क्षेत्र की बिरेझर चौकी अंतर्गत ग्राम गोजी का है।
फांसी पर लटका मिला था युवक का शव
29 जून को 23 वर्षीय नरसिंग साहू का शव घर में फांसी के फंदे पर लटका मिला था। शुरुआती तौर पर मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा था, लेकिन पुलिस अधीक्षक सूरज सिंह परिहार के निर्देश पर घटना की गहन और वैज्ञानिक जांच शुरू की गई।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट से खुला हत्या का राज
घटनास्थल के निरीक्षण, पोस्टमार्टम रिपोर्ट, तकनीकी साक्ष्यों और गवाहों के बयानों से पुलिस को पता चला कि युवक की मौत गला दबाने और रस्सी से श्वास अवरुद्ध करने के कारण हुई थी। इसके बाद पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर जांच तेज कर दी।
शराब के लिए पैसों को लेकर हुआ विवाद
पूछताछ में मृतक के भाई नरेश साहू और मां कमला बाई साहू ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया। आरोपियों ने बताया कि नरसिंग शराब पीने के लिए पैसे मांग रहा था। पैसे नहीं मिलने पर विवाद बढ़ गया और गुस्से में दोनों ने पहले उसका गला दबाया, फिर नारियल की रस्सी से गला कसकर उसकी हत्या कर दी।
आरोपियों ने यह भी बताया कि उन्हें शक था कि युवक अभी जिंदा है, इसलिए उसे कीटनाशक भी पिला दिया।
हत्या के बाद रची आत्महत्या की साजिश
हत्या को आत्महत्या का रूप देने के लिए दोनों आरोपियों ने शव को फांसी के फंदे पर लटका दिया, ताकि पुलिस को गुमराह किया जा सके। हालांकि पुलिस की सूक्ष्म विवेचना और वैज्ञानिक जांच के सामने यह साजिश ज्यादा देर तक नहीं टिक सकी।
दोनों आरोपी गिरफ्तार
पुलिस ने मां और बेटे को गिरफ्तार कर हत्या सहित अन्य संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया है। दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।










