
बिलासपुर। CG DASTAK
बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। कोटा क्षेत्र के शिवतराई जंगल में एक प्राइवेट रिसॉर्ट के पास युवक की अधजली लाश मिली है। घटनास्थल पर युवक की बाइक भी जली हुई हालत में पड़ी मिली। पुलिस को आशंका है कि युवक की हत्या करने के बाद पहचान छिपाने और सबूत मिटाने के इरादे से शव और बाइक को पेट्रोल डालकर जलाया गया होगा। फिलहाल मृतक की पहचान नहीं हो सकी है।
सुनसान जंगल में मिला युवक का शव
जानकारी के मुताबिक, गुरुवार शाम स्थानीय लोगों ने सुनसान जगह पर जली हुई बाइक देखी। इसके बाद वे आसपास पहुंचे तो कुछ दूरी पर युवक का शव पड़ा मिला। लोगों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। हालांकि, शाम ढलने और अंधेरा होने के कारण घटनास्थल की बारीकी से जांच नहीं हो सकी। शुरुआती फोटोग्राफी के बाद पुलिस को लौटना पड़ा। अंधेरे के चलते फॉरेंसिक एक्सपर्ट की टीम भी घटनास्थल का निरीक्षण नहीं कर पाई।
हत्या के बाद शव और बाइक जलाने की आशंका
पुलिस को आशंका है कि युवक की हत्या के बाद उसकी पहचान छिपाने और सबूत मिटाने के लिए पेट्रोल डालकर शव और बाइक दोनों को जलाया गया होगा। हालांकि, हत्या और घटना के पीछे की वास्तविक वजह की पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगी।
ACCU की टीम रातभर करती रही जांच
घटना की जानकारी मिलते ही एसएसपी रजनेश सिंह ने ACCU की टीम को सक्रिय किया। उनके निर्देश पर टीम देर रात तक कोटा के शिवतराई और आसपास के इलाकों में जांच करती रही।

टीम ने स्थानीय लोगों से अलग-अलग तरीके से पूछताछ कर घटना से जुड़ी जानकारी जुटाने की कोशिश की। हालांकि, पुलिस को अब तक कोई ठोस सुराग नहीं मिला है।
स्निफर डॉग की भी ली जाएगी मदद
पुलिस अब घटनास्थल पर पहुंचकर विस्तृत जांच करेगी। आरोपियों तक पहुंचने के लिए स्निफर डॉग की मदद भी ली जाएगी।
मृतक की पहचान करना पुलिस के लिए चुनौती
फिलहाल पुलिस के सामने सबसे बड़ी चुनौती मृतक की पहचान करना है। युवक कौन था, वह शिवतराई जंगल तक कैसे पहुंचा और उसकी मौत किन परिस्थितियों में हुई, इन सवालों के जवाब तलाशे जा रहे हैं।
पुलिस का कहना है कि घटनास्थल से मिलने वाले साक्ष्यों और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल मामले में किसी आरोपी की गिरफ्तारी की जानकारी सामने नहीं आई है।









