
बिलासपुर। CG DASTAK
बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में बेटी की लव मैरिज से नाराज पिता ने अपने बेटे के साथ मिलकर बेटी और दामाद पर जानलेवा हमला कर दिया। आरोप है कि दोनों ने पहचान छिपाने के लिए चेहरे पर गमछा बांधकर घर में घुसकर चाकू से ताबड़तोड़ वार किए। बीच-बचाव करने पहुंचे परिवार के अन्य सदस्यों को भी नहीं बख्शा। इस हमले में बेटी-दामाद समेत परिवार के पांच लोग घायल हो गए। सभी को इलाज के लिए सिम्स अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

चेहरे पर गमछा बांधकर घर में घुसे पिता-बेटे
जानकारी के मुताबिक, गुरुवार रात समीर अपनी पत्नी और परिवार के अन्य सदस्यों के साथ घर पर था। इसी दौरान उसका ससुर बलराम कश्यप अपने बेटे के साथ वहां पहुंचा। पहचान छिपाने के लिए बलराम ने चेहरे पर गमछा बांध रखा था।

घर में घुसते ही दोनों ने समीर और उसकी पत्नी पर चाकू से हमला कर दिया। अचानक हुए हमले से परिवार के लोगों को संभलने का मौका नहीं मिला।
बीच-बचाव करने पहुंचे परिजनों पर भी हमला
हमले के दौरान बेटी की चीख-पुकार सुनकर समीर की मां शाइस्ता, पिता शाहिद और बहन बीच-बचाव करने पहुंचे। आरोपियों ने उन पर भी चाकू से वार कर दिए।

इस हमले में बेटी-दामाद समेत परिवार के पांच लोग घायल हो गए। वारदात के बाद दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए।
ASP पहुंचे अस्पताल, घायलों का जाना हाल
घटना की सूचना मिलते ही सिविल लाइन पुलिस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को इलाज के लिए सिम्स अस्पताल पहुंचाया गया। ASP पंकज पटेल समेत अन्य पुलिस अधिकारी भी अस्पताल पहुंचे और घायलों का हाल जाना।
ASP ने फरार पिता-पुत्र को जल्द गिरफ्तार करने के निर्देश दिए हैं। पुलिस की अलग-अलग टीमें आरोपियों की तलाश में जुटी हैं।
लव मैरिज बना विवाद की वजह
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, बेटी के प्रेम विवाह से पिता नाराज था। इसी नाराजगी के चलते पिता और उसके बेटे पर हमला करने का आरोप है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।









