
बलौदाबाजार। CG DASTAK
छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार जिले में बुधवार देर रात हुए भीषण सड़क हादसे में बाइक सवार दो शराब कर्मचारियों की मौत हो गई। यह हादसा पलारी थाना क्षेत्र के ग्राम घोटिया के पास हुआ, जहां एक तेज रफ्तार कैप्सूल वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। घटना के बाद क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
इलाज के दौरान दोनों ने तोड़ा दम
पुलिस के अनुसार, मृतकों की पहचान सत्यप्रकाश सोनवानी (34), पिता उत्तरा कुमार, निवासी खोरसीनाला लवन रोड और गोपी किशन आडिल (25), पिता तुम्मन आडिल, निवासी ग्राम सोनपुरी के रूप में हुई है। दोनों सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र के रहने वाले थे और संडी स्थित शराब दुकान में कर्मचारी के रूप में कार्यरत थे।
जानकारी के मुताबिक, बुधवार रात दोनों बाइक से जा रहे थे। इसी दौरान ग्राम घोटिया के पास एक कैप्सूल वाहन ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन उपचार के दौरान दोनों की मौत हो गई।
पुलिस जांच में जुटी
घटना की सूचना मिलते ही पलारी पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई करते हुए मर्ग कायम किया। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है तथा टक्कर मारने वाले वाहन और उसके चालक की तलाश में जुटी है।










