
राजनांदगांव। CG DASTAK
साइबर सेल राजनांदगांव और तुमडीबोड़ पुलिस चौकी की संयुक्त टीम ने बैंक से नगदी निकालकर घर लौट रहे लोगों को निशाना बनाने वाले एक शातिर अंतरराज्यीय चोर को गिरफ्तार किया है। आरोपी को मध्यप्रदेश के मुल्ताई से पकड़कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। वहीं उसका एक साथी अब भी फरार है, जिसकी तलाश जारी है।
बैंक से निकाले 44 हजार रुपये किए थे पार
पुलिस के अनुसार, ग्राम दर्राबांधा तेन्दूनाला निवासी रीता वैष्णव ने 2 जून 2026 को जिला सहकारी बैंक, तुमडीबोड़ से 44 हजार रुपये निकाले थे। उन्होंने रकम अपनी स्कूटी की डिक्की में रखी और घर लौटते समय छत्तीसगढ़ होटल, तुमडीबोड़ में नाश्ता करने के लिए रुकीं।
इसी दौरान आरोपियों ने योजनाबद्ध तरीके से स्कूटी की डिक्की खोलकर 44 हजार रुपये नकद चोरी कर लिए और मौके से फरार हो गए।
सीसीटीवी फुटेज से आरोपी तक पहुंची पुलिस
घटना की सूचना मिलते ही तुमडीबोड़ पुलिस चौकी ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, जिसके आधार पर आरोपियों की पहचान की गई।
तकनीकी जांच और लगातार पतासाजी के बाद पुलिस ने मुख्य आरोपी को मुल्ताई (मध्यप्रदेश) से गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में कबूला जुर्म
पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपने साथी नितिन ग्वाला के साथ मिलकर चोरी की वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया। पुलिस के अनुसार, दूसरा आरोपी फिलहाल फरार है और उसकी तलाश जारी है।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान विजय सिंह (42 वर्ष), पिता आनंदराम, निवासी कण्ड्रजा, कांशापारा, विजयनगर, थाना कम्पू, जिला रायगढ़ (छत्तीसगढ़) के रूप में हुई है।
न्यायिक रिमांड पर भेजा गया जेल
पुलिस ने आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। पुलिस फरार आरोपी की तलाश में लगातार दबिश दे रही है।










