
मनेंद्रगढ़। CG DASTAK

छत्तीसगढ़ के एमसीबी जिले की चिरमिरी पुलिस ने निवेश पर पैसा दोगुना करने का लालच देकर करोड़ों रुपये की ठगी करने वाले चिटफंड कंपनी के संचालक को बिलासपुर से गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान सुब्रतो घोषाल के रूप में हुई है, जिसने ‘सुब्रतो लॉजिस्टिक्स’ के नाम से कंपनी संचालित कर लोगों से निवेश कराया और बाद में उनकी रकम हड़प ली।
पुलिस के अनुसार, आरोपी ने कम समय में निवेश की राशि दोगुनी करने का झांसा देकर बड़ी संख्या में लोगों से करोड़ों रुपये जमा कराए। प्रारंभिक जांच में केवल चिरमिरी क्षेत्र में ही करीब 72 लाख रुपये की ठगी सामने आई है, जबकि पूरे मामले में 2 से 3 करोड़ रुपये से अधिक की धोखाधड़ी होने की आशंका जताई जा रही है।
जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि ठगी की रकम से आरोपी ने कई वाहन खरीदे थे। अब तक 11 वाहन और 3 हाइवा की जानकारी सामने आई है। पुलिस ने इनमें से एक कार जब्त कर ली है। इसके अलावा आरोपी से जुड़े 11 बैंक खातों की भी जांच की जा रही है, ताकि ठगी की पूरी रकम और वित्तीय लेन-देन का पता लगाया जा सके।
चिरमिरी पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर उसे न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और जांच में नए तथ्य सामने आने पर कार्रवाई का दायरा और बढ़ाया जाएगा









