
दंतेवाड़ा। CG DASTAK 
छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा जिले में रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली घटना सामने आई है। भांसी थाना क्षेत्र के धुरली टिटेमपारा गांव में एक बेटे ने मामूली विवाद में अपनी ही मां की डंडे से पीट-पीटकर हत्या कर दी। पुलिस ने घटना का 24 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए आरोपी बेटे को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
पुलिस के अनुसार, 18 जून को बुधरी तेलाम (60) की हत्या की सूचना मिलने पर भांसी थाना में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103(1) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। पुलिस अधीक्षक गौरव राय के निर्देशन में गठित टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मामले की जांच शुरू की।
जांच के दौरान पुलिस को मृतका के बेटे सामु उर्फ श्याम तेलाम (32) पर संदेह हुआ। हिरासत में लेकर पूछताछ करने पर उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया।
आरोपी ने बताया कि वह शराब के नशे में घर पहुंचा था और मां से खाना मांगा। खाना नहीं मिलने पर गुस्से में उसने पास में रखे बांस के डंडे से मां के सिर पर कई वार कर दिए, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त डंडा बरामद कर आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी 










