
News:कोरिया। CG DASTAK

छत्तीसगढ़ के चर्चित कटगोड़ी हत्याकांड में अब करणी सेना और शिवसेना की भी एंट्री हो गई है। रायपुर से पहुंचे दोनों संगठनों के प्रतिनिधिमंडल ने पीड़ित परिवार से मुलाकात कर उन्हें सांत्वना दी और मामले में दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। इसके बाद प्रतिनिधिमंडल ने कलेक्टर कार्यालय पहुंचकर ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन में हत्याकांड की CBI जांच, आरोपियों के खिलाफ बुलडोजर कार्रवाई और दोषियों को फांसी की सजा दिलाने की मांग की गई है। संगठनों का कहना है कि मामले की निष्पक्ष और गहन जांच कर दोषियों को जल्द से जल्द कड़ी सजा दी जानी चाहिए।
गौरतलब है कि कटगोड़ी हत्याकांड में अब तक तीन लोगों की मौत हो चुकी है। भाजपा नेता भरत सिंह उर्फ लल्ला सिंह की फॉर्च्यूनर वाहन में आग लगाकर हत्या कर दी गई थी। वहीं गंभीर रूप से घायल दो अन्य लोगों का इलाज बिलासपुर के अपोलो अस्पताल में जारी है।
पुलिस ने मामले में अब तक चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि अन्य फरार आरोपियों की तलाश लगातार जारी है। पुलिस का कहना है कि सभी आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
जानकारी के अनुसार, यह पूरा विवाद सोनहत क्षेत्र में रेत घाट के ठेके और अवैध रेत खनन को लेकर शुरू हुआ था। आरोप है कि विवाद के दौरान आरोपियों ने फॉर्च्यूनर वाहन को घेरकर उस पर पेट्रोल छिड़ककर आग लगा दी, जिससे भरत सिंह की मौके पर ही मौत हो गई। वाहन से बाहर निकलने वाले अन्य लोगों के साथ भी मारपीट की गई, जिसमें एक अन्य घायल की इलाज के दौरान मौत हो गई।

फिलहाल मामले में पुलिस की जांच जारी है और फरार आरोपियों की तलाश के लिए लगातार दबिश दी जा रही है।








