
डोंगरगढ़। CG DASTAK 
छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव जिले के डोंगरगढ़ थाना क्षेत्र में एक हैरान कर देने वाली घटना सामने आई है। यहां एक 8 वर्षीय बच्चे ने बिरयानी सेंटर के बाहर खड़ी मोटरसाइकिल पर पेट्रोल छिड़ककर आग लगा दी। पूरी घटना वहां लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
जानकारी के अनुसार, घटना सिंगोला बांधा तालाब के पास स्थित एक बिरयानी सेंटर के बाहर की है। सीसीटीवी फुटेज में बच्चा पहले बाइक के पास पहुंचता है, फिर उससे पेट्रोल निकालकर मोटरसाइकिल पर छिड़कता है और आग लगा देता है। कुछ ही क्षणों में बाइक आग की लपटों में घिर जाती है और पूरी तरह जलकर खाक हो जाती है।
वीडियो सामने आने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। शुरुआत में लोगों को आशंका थी कि यह किसी शातिर बदमाश की करतूत है, लेकिन पुलिस जांच में मामला अलग निकला।
डोंगरगढ़ एसडीओपी केसरी नंदन नायक ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आग लगाने वाले बच्चे की पहचान कर ली गई है। जांच में पता चला कि बच्चा महज 8 वर्ष का है और मानसिक रूप से अस्वस्थ है। पुलिस ने उसके परिजनों को थाने बुलाकर समझाइश दी है और भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए आवश्यक सावधानी बरतने के निर्देश दिए हैं।
पुलिस ने मामले में आवश्यक वैधानिक कार्रवाई पूरी कर ली है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पूरे क्षेत्र में इसकी चर्चा बनी हुई है।









