
जांजगीर-चांपा। छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले से एक हृदयविदारक घटना सामने आई है। नैला चौकी क्षेत्र में घरेलू विवाद से आहत एक युवक ने अपने दो मासूम बच्चों के साथ कथित तौर पर जहर खाकर आत्महत्या कर ली। घटना में पिता सहित दोनों बच्चों की मौत हो गई। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, मृतकों की पहचान रमेश कुमार पटेल (35 वर्ष), उनके तीन वर्षीय पुत्र आदर्श पटेल और करीब दो वर्षीय अभिनव पटेल के रूप में हुई है। बुधवार सुबह घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और तीनों शवों को बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि लगभग एक सप्ताह पहले रमेश कुमार पटेल का अपनी पत्नी से विवाद हुआ था, जिसके बाद पत्नी मायके चली गई थी। मंगलवार को रमेश अपनी पत्नी को वापस लाने उसके मायके गया था, लेकिन पत्नी के साथ लौटने से इनकार करने के बाद वह अकेले घर लौट आया।
- पुलिस को आशंका है कि मानसिक तनाव में आकर रमेश ने पहले अपने दोनों बच्चों को जहर दिया और बाद में स्वयं भी जहरीला पदार्थ सेवन कर लिया। हालांकि घटना के वास्तविक कारणों की पुष्टि पुलिस जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही हो सकेगी।









