
बिलासपुर। CG DASTAK
बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में प्रेम प्रसंग और शादी को लेकर हुए विवाद के बाद युवक की मौत के मामले में पुलिस ने उसकी प्रेमिका को गिरफ्तार किया है। पुलिस जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर युवती पर युवक को आत्महत्या के लिए उकसाने का आरोप लगाया गया है। करीब 10 महीने पुराने इस मामले में कोनी पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी युवती को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है।

पुलिस के मुताबिक, बलरामपुर निवासी विकास गुप्ता (22) रायपुर की एक निजी फर्म में सिक्योरिटी गार्ड की नौकरी करता था। उसके पिता भटगांव में आरक्षक के पद पर पदस्थ हैं।
वहीं, सूरजपुर जिले के भटगांव की रहने वाली आकांक्षा सिदार (21) बिलासपुर के कोनी क्षेत्र में रहकर नर्सिंग की पढ़ाई कर रही थी। सोशल मीडिया के माध्यम से दोनों की पहचान हुई थी और लंबे समय से उनके बीच प्रेम संबंध थे।
शादी की बात को लेकर दोनों के बीच होता था विवाद
पुलिस जांच के अनुसार, आकांक्षा विकास पर शादी करने का दबाव बना रही थी। शादी से इनकार करने पर उसे फंसाने की धमकी देने का भी आरोप है। इस बात को लेकर दोनों के बीच अक्सर विवाद होता था।
बताया गया कि 27 जनवरी 2026 को दोनों कोनी क्षेत्र के एक होटल में कमरा लेकर ठहरे थे। इसी दौरान शादी की बात को लेकर फिर विवाद हो गया।
गंभीर रूप से झुलसा युवक, इलाज के दौरान हुई मौत
पुलिस के अनुसार, विवाद के बाद गुस्से और तनाव में आकर विकास ने खुद को आग लगा ली। घटना के समय आकांक्षा भी उसी कमरे में मौजूद थी।
गंभीर रूप से झुलसे विकास को अस्पताल में भर्ती कराया गया। हालत गंभीर होने पर उसे रायपुर रेफर किया गया, जहां 1 फरवरी को उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
युवक की मौत के बाद कोनी पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू की।
जांच के बाद प्रेमिका गिरफ्तार
पुलिस जांच के दौरान मिले साक्ष्यों और घटनाक्रम के आधार पर आकांक्षा सिदार पर विकास को आत्महत्या के लिए उकसाने का आरोप लगा।
इसके बाद पुलिस ने शनिवार, 21 नवंबर को आकांक्षा को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
फिलहाल मामले में पुलिस की जांच और न्यायिक प्रक्रिया जारी है। आरोपी के खिलाफ लगाए गए आरोपों का अंतिम निर्णय न्यायालय करेगा।
CG Dastak – हर खबर, सीधा सच!









