
कोरिया।
छत्तीसगढ़ के कोरिया जिले में रेत कारोबार को लेकर हुए विवाद ने मंगलवार रात खूनी रूप ले लिया। सोनहत तहसील के ग्राम कटगोड़ी में फॉर्च्यूनर सवार भाजपा नेता भरत सिंह गहरवार उर्फ लल्ला सिंह की कथित तौर पर वाहन में आग लगाकर हत्या कर दी गई। इस घटना में तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिनका उपचार अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज में जारी है। पुलिस ने मामले में चार आरोपियों को हिरासत में लिया है, जबकि अन्य की तलाश जारी है।

पुलिस के अनुसार, घटना मंगलवार रात करीब 11 बजे की है। आरोप है कि नवगई गांव के पास आरोपियों ने पहले फॉर्च्यूनर वाहन को टिपर से कई बार टक्कर मारकर क्षतिग्रस्त किया। इसके बाद वाहन पर पेट्रोल छिड़ककर आग लगा दी। बताया जा रहा है कि वाहन के दरवाजे जाम हो जाने से उसमें सवार लोग बाहर नहीं निकल सके। बाहर निकलने की कोशिश के दौरान आरोपियों द्वारा मारपीट किए जाने का भी आरोप है।
घटना में भाजपा नेता भरत सिंह गहरवार की मौके पर ही जलकर मौत हो गई, जबकि तीन अन्य लोग गंभीर रूप से झुलस गए। मामले की गंभीरता को देखते हुए सरगुजा रेंज के आईजी सहित वरिष्ठ पुलिस अधिकारी रात में ही घटनास्थल पहुंचे और जांच शुरू की।

पुलिस ने इस मामले में अक्षय त्रिपाठी, विशाल त्रिपाठी, सत्यप्रकाश त्रिपाठी और मन्नू त्रिपाठी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है। प्रारंभिक जांच में रेत उत्खनन को लेकर पुरानी रंजिश और विवाद की बात सामने आई है। बताया जा रहा है कि घटना से पहले दोनों पक्षों के बीच झड़प भी हुई थी, जिसकी सूचना स्थानीय पुलिस को दी गई थी।
घटना के बाद राजनीतिक प्रतिक्रियाएं भी सामने आई हैं। कांग्रेस ने इस मामले को लेकर राज्य सरकार पर कानून-व्यवस्था को लेकर सवाल उठाए हैं। वहीं उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा है कि मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर विधिसम्मत कार्रवाई होगी।
फिलहाल पुलिस हत्या, आगजनी और अन्य संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर पूरे घटनाक्रम की जांच में जुटी हुई है।








