
जशपुर। छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले के तुमला थाना क्षेत्र में बुधवार को एक नाबालिग लड़की के मोबाइल टॉवर पर चढ़ जाने से हड़कंप मच गया। करीब तीन घंटे तक चले हाईवोल्टेज ड्रामे के बाद पुलिस और ग्रामीणों की समझाइश से उसे सुरक्षित नीचे उतार लिया गया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, लड़की अपने प्रेमी की दूसरी जगह शादी तय होने से नाराज थी।

घटना की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर जुट गए और तत्काल डायल-112 व पुलिस को सूचना दी। पुलिस टीम मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से लड़की को समझाने का प्रयास शुरू किया।
जानकारी के अनुसार, नाबालिग कोल्हनझरिया गांव की रहने वाली है। काफी देर तक समझाइश और बातचीत के बाद वह टॉवर से नीचे उतरने के लिए तैयार हुई। इसके बाद पुलिस ने उसे सुरक्षित नीचे उतारा।
पत्थलगांव एसडीओपी ध्रुवेश जायसवाल ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची थी। स्थानीय लोगों के सहयोग से नाबालिग बालिका को सुरक्षित नीचे उतार लिया गया है। फिलहाल उससे और उसके परिजनों से बातचीत कर मामले की विस्तृत जानकारी ली जा रही है।
पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है। साथ ही बालिका और उसके परिवार को आवश्यक परामर्श भी दिया जा रहा है।









