नया रायपुर ट्रिपल आईटी हॉस्टल में बड़ी चोरी: परीक्षा देने गए छात्रों के 15 लैपटॉप पार, सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल

0
63

रायपुर। CG DASTAK

नया रायपुर स्थित ट्रिपल आईटी (IIIT) परिसर में चोरी की बड़ी घटना सामने आई है, जिसने संस्थान की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। जानकारी के अनुसार, छात्र जब परीक्षा देने बाहर गए हुए थे, उसी दौरान शातिर चोरों ने हॉस्टल में घुसकर करीब 15 लैपटॉप चोरी कर लिए। घटना के बाद छात्रों में भारी नाराजगी देखी जा रही है।

काम का बहाना बनाकर हॉस्टल में घुसे चोर

बताया जा रहा है कि आरोपी खुद को काम से जुड़ा व्यक्ति बताकर हॉस्टल परिसर में दाखिल हुए। इसके बाद उन्होंने सुनियोजित तरीके से छात्रों के कमरों को निशाना बनाया और कुछ ही मिनटों में कई महंगे लैपटॉप लेकर फरार हो गए। वारदात इतनी तेजी से अंजाम दी गई कि किसी को भनक तक नहीं लगी।

सीसीटीवी में कैद हुई संदिग्ध गतिविधियां

घटना परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों में रिकॉर्ड हो गई है। फुटेज में संदिग्धों की गतिविधियां नजर आ रही हैं, लेकिन अब तक उनकी पहचान नहीं हो सकी है। इससे परिसर की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं कि आखिर बाहरी लोग इतनी आसानी से हॉस्टल तक कैसे पहुंच गए।

पुलिस जांच में जुटी, शिकायत का इंतजार

पूरा मामला राखी थाना क्षेत्र का है। सूचना मिलने के बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है और सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं।

सीएसपी तुलसी राम टेकाम ने बताया कि एक अज्ञात व्यक्ति द्वारा हॉस्टल में घुसकर लैपटॉप चोरी किए जाने की जानकारी मिली है। हालांकि अभी तक प्रबंधन या छात्रों की ओर से औपचारिक शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है। शिकायत मिलने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

छात्रों में आक्रोश, सुरक्षा बढ़ाने की मांग

घटना के बाद छात्रों में भारी आक्रोश है। छात्रों का कहना है कि यदि परिसर में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत होती, तो इस तरह की वारदात नहीं होती। अब छात्र और अभिभावक संस्थान प्रशासन से सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और दोषियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here