
अंबिकापुर। CG DASTAK
अंबिकापुर में अवैध अतिक्रमण के खिलाफ प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए कामोदा रिजॉर्ट पर बुलडोजर चला दिया। कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच प्रशासनिक अधिकारियों की टीम ने शासकीय जमीन पर किए गए अवैध निर्माण को ध्वस्त कर कब्जा हटाया। इस कार्रवाई के बाद इलाके में हड़कंप मच गया।

45 डिसमिल जमीन पर था अवैध कब्जा
जानकारी के अनुसार, कामोदा रिजॉर्ट के संचालक द्वारा करीब 45 डिसमिल शासकीय जमीन पर अवैध कब्जा कर निर्माण कराया गया था। लंबे समय से इस मामले को लेकर शिकायतें मिल रही थीं, जिसके बाद प्रशासन ने कार्रवाई शुरू की।
दो दिन पहले अधिकारियों से हुआ था विवाद
बताया जा रहा है कि दो दिन पूर्व जब प्रशासनिक टीम अतिक्रमण हटाने पहुंची थी, तब रिजॉर्ट संचालक ने अधिकारियों के साथ जमकर विवाद किया था। उस दौरान कार्रवाई पूरी नहीं हो पाई थी, जिसके बाद प्रशासन की काफी किरकिरी भी हुई थी।
भारी पुलिस बल के साथ पहुंचा प्रशासन
आज प्रशासन पूरी तैयारी और भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचा। अधिकारियों ने सुरक्षा घेरे में कार्रवाई करते हुए शासकीय जमीन पर बने रिजॉर्ट के अवैध हिस्से को बुलडोजर से ध्वस्त कर दिया।
अवैध कब्जों पर जारी रहेगी कार्रवाई
प्रशासनिक अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि शासकीय जमीन पर किसी भी प्रकार का अवैध कब्जा बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और आगे भी ऐसे अतिक्रमणों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।










