मानपुर में दर्दनाक हादसा: खड़ी ट्रक से टकराई 108 एंबुलेंस, ईएमटी गंभीर रूप से घायल, रायपुर में वेंटिलेटर पर भर्ती

0
37

मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी। जिले में नेशनल हाईवे 930 पर बीती रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ, जब 108 एंबुलेंस खड़ी ट्रक से जा टकराई। इस हादसे में एंबुलेंस में सवार आपातकालीन चिकित्सा तकनीशियन (ईएमटी) घनश्याम साहू गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि चालक दुकालू राम यादव, रेफर मरीज और उनके दो परिजन को मामूली चोटें आई हैं। यह घटना मानपुर थाना क्षेत्र के तुमडीकसा मोड़ के पास हुई।

जानकारी के अनुसार, मानपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र से एक मरीज को राजनांदगांव मेडिकल कॉलेज रेफर किया जा रहा था। इसी दौरान रास्ते में सड़क किनारे खड़े ट्रक से एंबुलेंस की जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में एंबुलेंस का आगे का हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।

घटना के बाद मौके पर मौजूद ग्रामीणों और पुलिस ने तुरंत राहत कार्य शुरू किया। सभी घायलों को मानपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया। बी.एम.ओ. डॉ. गिरीश खोबरागढ़े ने बताया कि ईएमटी घनश्याम साहू की हालत गंभीर थी, इसलिए उन्हें तत्काल राजनांदगांव मेडिकल कॉलेज और फिर रायपुर के अस्पताल रेफर किया गया, जहां उन्हें वेंटिलेटर पर रखा गया है।

एंबुलेंस में सवार रेफर मरीज और उनके परिजन को भी हल्की चोटें आईं। महिला परिजन को अंदरूनी चोटें लगी हैं, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए राजनांदगांव भेजा गया है।

फिलहाल मानपुर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस हादसे की वजह, एंबुलेंस की रफ्तार और सड़क सुरक्षा मानकों की जांच कर रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here