
रायपुर। CG DASTAK
रायपुर। राजधानी रायपुर में सूने मकान का ताला तोड़कर चोरी करने के मामले में डीडी नगर थाना पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब डेढ़ लाख रुपये कीमत के सोने-चांदी के आभूषण, 6 घड़ियां और वारदात में इस्तेमाल की गई बाइक जब्त की है। गिरफ्तार आरोपियों में से दो पहले भी चोरी, लूट और आर्म्स एक्ट के मामलों में जेल जा चुके हैं।
घर में ताला लगाकर बाहर गया था परिवार
पुलिस के मुताबिक, डंगनिया निवासी स्वरोचिष मिश्रा 22 अक्टूबर की रात अपने घर में ताला लगाकर बाहर गए थे। 23 अक्टूबर की सुबह जब वे वापस लौटे, तो घर के दरवाजे का ताला टूटा मिला। अंदर कमरों का सामान बिखरा हुआ था। अलमारी का दरवाजा और लॉकर भी टूटा हुआ था। लॉकर में रखे सोने-चांदी के आभूषण और नकदी गायब थे।
पीड़ित की शिकायत पर डीडी नगर थाने में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 331(4) और 305(ए) के तहत मामला दर्ज किया गया।
पुराने आरोपियों की गतिविधियों पर रखी जा रही थी नजर
चोरी की घटना की जांच के लिए एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट और डीडी नगर पुलिस की संयुक्त टीम बनाई गई। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया, आसपास के लोगों से पूछताछ की और सीसीटीवी फुटेज खंगाले।
जांच के दौरान पुलिस पुराने चोरी और नकबजनी के मामलों में शामिल रहे आरोपियों के साथ ही हाल ही में जेल से छूटे लोगों की गतिविधियों पर भी नजर रख रही थी।
इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि टिकरापारा के मोतीनगर निवासी यशवंत उर्फ लक्की दास मानिकपुरी संदिग्ध परिस्थितियों में कुछ लोगों के साथ घटनास्थल के आसपास देखा गया है। पुलिस ने उसे पकड़कर पूछताछ की।
पूछताछ में तीन आरोपियों के नाम आए सामने
पुलिस के अनुसार, पूछताछ के दौरान यशवंत ने अपने साथी शेख मोहसिन उर्फ अल्ताफ और परमेश्वर निर्मलकर उर्फ बाबा के साथ मिलकर चोरी करना स्वीकार किया। इसके बाद पुलिस ने दोनों अन्य आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान इस प्रकार बताई गई है:
यशवंत उर्फ लक्की दास मानिकपुरी (18 वर्ष) — निवासी भैरव नगर, मोतीनगर, टिकरापारा।
शेख मोहसिन उर्फ अल्ताफ (19 वर्ष) — निवासी मोतीनगर, टिकरापारा।
परमेश्वर निर्मलकर उर्फ बाबा (20 वर्ष) — निवासी जाली फैक्ट्री रोड, मोतीनगर, टिकरापारा।
डेढ़ लाख रुपये का सामान जब्त
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी के सोने-चांदी के आभूषण, 6 घड़ियां और वारदात में इस्तेमाल की गई पल्सर बाइक जब्त की है। बाइक का पंजीयन क्रमांक CG 07 LU 4432 बताया गया है। जब्त सामान की कुल कीमत करीब 1.50 लाख रुपये आंकी गई है।
पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपियों में से दो पहले भी चोरी, लूट और आर्म्स एक्ट से जुड़े मामलों में जेल जा चुके हैं। तीनों आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।









