
रायगढ़। CG DASTAK
रायगढ़। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में शराब पीने से मना करने पर बेटे ने अपने ही पिता की कुल्हाड़ी से हमला कर हत्या कर दी। घटना खरसिया थाना क्षेत्र के रानी सागर गांव की है। पुलिस ने आरोपी बेटे को हिरासत में ले लिया है।
मृतक की पहचान 62 वर्षीय धरम गिरी के रूप में हुई है, जबकि आरोपी बेटे का नाम राजकुमार गिरी (40) बताया गया है।
शराब पीने को लेकर हुआ विवाद
जानकारी के मुताबिक, राजकुमार गिरी को शराब पीने की आदत थी। उसके पिता धरम गिरी उसे शराब पीने से मना करते थे। मंगलवार रात भी इसी बात को लेकर पिता-पुत्र के बीच विवाद हो गया।

गुस्से में कुल्हाड़ी से किया हमला
बताया गया है कि विवाद के दौरान गुस्से में आए राजकुमार ने कुल्हाड़ी से पिता के सिर के पीछे वार कर दिया। हमले में धरम गिरी गंभीर रूप से घायल होकर मौके पर गिर पड़े और उनकी मौत हो गई।
पुलिस और FSL टीम ने की जांच
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस और फॉरेंसिक साइंस लैब (FSL) की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने आरोपी बेटे को हिरासत में ले लिया है। घटनास्थल से साक्ष्य जुटाकर मामले की जांच की जा रही है।
शराब पीने से रोकने पर विवाद की बात आई सामने
खरसिया SDOP सतीश भार्गव के मुताबिक, शुरुआती जांच में पिता द्वारा बेटे को शराब पीने से मना करने पर विवाद होने की जानकारी सामने आई है। इसी दौरान राजकुमार ने कुल्हाड़ी से पिता पर हमला किया, जिससे उनकी मौत हो गई। पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है।
CG Dastak | हर खबर, सीधा सच!









