
रायपुर। CG DASTAK
रायपुर। छत्तीसगढ़ में घरों तक पाइपलाइन के जरिए रसोई गैस (PNG) पहुंचाने का काम तेजी से चल रहा है, लेकिन इस काम में कंपनियों की लापरवाही लोगों के लिए परेशानी का कारण बनती जा रही है। प्रदेश के करीब 12 जिलों में चार कंपनियां गैस पाइपलाइन बिछाने का काम कर रही हैं। इसके लिए शहरों और कस्बों में सड़कों की खुदाई की जा रही है, लेकिन कई जगहों पर खुदाई से पहले संबंधित नगरीय निकायों को पूरी जानकारी नहीं दी जा रही है।
इसका खामियाजा आम लोगों को भुगतना पड़ रहा है। कहीं सड़कें खराब हो रही हैं तो कहीं पेयजल की पाइपलाइन क्षतिग्रस्त हो रही है। स्थिति यह है कि कई मामलों में नगर निगम और नगरीय निकायों को शिकायत मिलने के बाद ही पता चलता है कि उनके क्षेत्र में गैस पाइपलाइन बिछाने का काम चल रहा है।
रायपुर में बिना अनुमति 300 मीटर तक खोद दी सड़क
राजधानी रायपुर में इसका उदाहरण सामने आ चुका है। फाफाडीह चौक और देवेंद्र नगर क्षेत्र में गैस पाइपलाइन बिछाने के दौरान एक कंपनी ने करीब 300 मीटर हिस्से में खुदाई कर दी। नगर निगम के मुताबिक, कंपनी ने सक्षम अनुमति के बिना खुदाई की और देवेंद्र नगर में पेयजल की मुख्य पाइपलाइन को क्षतिग्रस्त कर दिया।
इससे क्षेत्र की जलापूर्ति प्रभावित हुई। वहीं फाफाडीह चौक के आसपास सड़क पर आवाजाही करने वाले लोगों को भी परेशानी का सामना करना पड़ा। नगर निगम ने कंपनी को नोटिस जारी करते हुए क्षतिग्रस्त हिस्सों की मरम्मत के लिए 3.19 लाख रुपये का जुर्माना लगाया।
इन कंपनियों को मिली है जिम्मेदारी
प्रदेश में पाइपलाइन के जरिए रसोई गैस पहुंचाने का काम अलग-अलग कंपनियों को सौंपा गया है।
हरियाणा सिटी गैस प्राइवेट लिमिटेड: रायपुर, बलौदाबाजार और गरियाबंद।
अडानी टोटल गैस: दुर्ग, महासमुंद, बेमेतरा, बालोद, धमतरी, बिलासपुर, कोरबा, मुंगेली, रायगढ़, जांजगीर-चांपा, कबीरधाम, राजनांदगांव और कांकेर।
बीपीसीएल: सरगुजा, बलरामपुर, कोरिया और सूरजपुर।
गेल गैस: कोंडागांव, बस्तर, दंतेवाड़ा, सुकमा, बीजापुर और नारायणपुर।
PNG गैस के ये बताए जा रहे फायदे
पाइपलाइन के जरिए घरों तक पहुंचने वाली PNG गैस को एलपीजी सिलेंडर के विकल्प के रूप में प्रचारित किया जा रहा है।
सस्ता विकल्प: एलपीजी के मुकाबले करीब 20 से 30 प्रतिशत तक बचत का दावा।
निरंतर सप्लाई: सिलेंडर खत्म होने की चिंता नहीं, 24 घंटे गैस उपलब्ध होने की सुविधा।
सुरक्षा: गैस हल्की होने के कारण रिसाव की स्थिति में ऊपर की ओर फैलती है।
जगह की बचत: रसोई में भारी सिलेंडर रखने की जरूरत नहीं।
घर-घर कनेक्शन देने की प्रक्रिया जारी
गैस कंपनियों की ओर से मोहल्लों में वितरण लाइन बिछाने के साथ-साथ उपभोक्ताओं को कनेक्शन देने के लिए भी आवेदन लिए जा रहे हैं। कंपनी के प्रतिनिधि घर-घर पहुंचकर या कैंप लगाकर पंजीकरण कर रहे हैं। उपभोक्ता संबंधित कंपनी की वेबसाइट या ऐप के माध्यम से भी ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
कनेक्शन के लिए आधार कार्ड, बिजली बिल या घर के मालिकाना हक से जुड़ा कोई एक प्रमाण पत्र जरूरी बताया गया है। इसके बाद कंपनी के तकनीकी कर्मचारी किचन का मुआयना कर पाइपलाइन बिछाने का रास्ता तय करते हैं और मुख्य पाइपलाइन से घर की रसोई तक कनेक्शन पहुंचाते हैं।
सवाल: विकास के काम में समन्वय की जिम्मेदारी किसकी?
PNG गैस की सुविधा निश्चित रूप से लोगों के लिए उपयोगी हो सकती है, लेकिन इसके लिए सड़कों और पेयजल जैसी जरूरी सुविधाओं को नुकसान पहुंचाना उचित नहीं है। सबसे बड़ा सवाल यह है कि जब प्रदेश के कई जिलों में गैस पाइपलाइन बिछाने का काम चल रहा है, तो संबंधित नगरीय निकायों को इसकी पूरी जानकारी क्यों नहीं मिल रही है?
खुदाई से पहले अनुमति, संबंधित विभागों के साथ समन्वय और क्षतिग्रस्त सड़कों व पाइपलाइनों की समय पर मरम्मत सुनिश्चित करना जरूरी है। अन्यथा सुविधा देने के नाम पर आम जनता को परेशानी उठानी पड़ेगी।









