
रायपुर। CG DASTAK
सड़क और फुटपाथ पर कुर्सी-टेबल लगाने पर रोक, पार्किंग और सफाई की जिम्मेदारी चौपाटी संचालकों की होगी; नियम तोड़ने पर कार्रवाई की चेतावनी
रायपुर। राजधानी रायपुर के MG रोड पर रात में लगने वाली चौपाटियों के संचालन को लेकर ट्रैफिक पुलिस और नगर निगम ने सख्ती की तैयारी कर ली है। शहर में सुगम यातायात व्यवस्था बनाने के उद्देश्य से वेंडिंग जोन और MG रोड चौपाटी के संबंध में अधिकारियों, व्यापारियों और चौपाटी संचालकों की संयुक्त बैठक आयोजित की गई। बैठक में चौपाटियों के संचालन का समय निर्धारित करने के साथ सड़क, पार्किंग और साफ-सफाई को लेकर नए नियम तय किए गए।
रात 9 बजे से सुबह 1 बजे तक ही लगेंगी चौपाटियां
नए नियमों के अनुसार MG रोड पर रात 9 बजे से सुबह 1 बजे तक ही चौपाटियां संचालित की जा सकेंगी। स्थायी दुकानों के शटर बंद होने के बाद ही ठेले और अस्थायी दुकानें लगाई जा सकेंगी।

प्रशासन का उद्देश्य सड़क पर लगने वाले जाम और अव्यवस्थित पार्किंग की समस्या को कम करना है। जरूरत पड़ने पर चौपाटियों को स्थायी रूप से बंद कराने की कार्रवाई भी की जा सकती है।
स्थायी दुकानदारों पर शटर बंद करने का दबाव नहीं
बैठक में ट्रैफिक डीसीपी डॉ. अर्चना झा ने स्पष्ट किया कि चौपाटी संचालक किसी भी स्थायी दुकानदार पर दुकान बंद करने का दबाव नहीं बना सकेंगे। इस संबंध में विवाद या दबाव बनाने की अनुमति नहीं होगी।
चौपाटियां संबंधित स्थायी दुकानों के शटर बंद होने के बाद ही लगाई जा सकेंगी।
सड़क और फुटपाथ पर कुर्सी-टेबल लगाने पर रोक
चौपाटी संचालकों को सड़क और फुटपाथ पर ग्राहकों के बैठने के लिए कुर्सी-टेबल लगाने की अनुमति नहीं होगी। इससे पैदल चलने वालों और वाहनों के आवागमन में बाधा नहीं आएगी।

इसके अलावा दोपहिया और चारपहिया वाहनों की पार्किंग की जिम्मेदारी भी चौपाटी संचालकों की होगी। मुख्य सड़क या यातायात बाधित करने वाली जगहों पर वाहन खड़े नहीं कराए जा सकेंगे।
गीला और सूखा कचरा अलग रखना होगा
चौपाटी संचालकों को अपनी दुकानों और आसपास के क्षेत्र की सफाई की जिम्मेदारी खुद उठानी होगी। इसके लिए गीले और सूखे कचरे के अलग-अलग डस्टबिन रखने होंगे।
नगर निगम और ट्रैफिक पुलिस करेगी निगरानी
बैठक में नगर निगम अधिकारियों को सफाई और कचरा प्रबंधन की नियमित निगरानी करने के निर्देश दिए गए। वहीं, व्यापारी संघ से स्थायी दुकानदारों और चौपाटी संचालकों के बीच तालमेल बनाए रखने को कहा गया।
चौपाटी संचालकों ने भी निर्धारित नियमों का पालन करने का आश्वासन दिया। अधिकारियों ने चेतावनी दी कि दोबारा शिकायत मिलने पर संबंधित संचालकों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। जरूरत पड़ने पर चौपाटी बंद भी कराई जा सकती है।
चौपाटी बंद होने के बाद पूरे स्थान की सफाई करनी होगी। सड़क, नाली और सार्वजनिक स्थानों पर कचरा फेंकने की अनुमति नहीं होगी।









