
रायपुर। CG DASTAK
बिजली, स्ट्रीट लाइट, पेयजल, सीवेज, पार्क, यातायात- पार्किंग और भारी वाहनों समेत कई समस्याओं को लेकर रहवासियों ने सौंपा मांगपत्र
रायपुर। राजधानी रायपुर के कमल विहार (कौशल्या विहार) में मूलभूत सुविधाओं और व्यवस्थाओं से जुड़ी समस्याओं को लेकर रहवासियों के प्रतिनिधिमंडल ने रायपुर विकास प्राधिकरण (RDA) प्रशासन के सामने अपनी मांगें रखीं। कमल विहार अध्यक्ष डॉ. सुजीत परिहार के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने RDA के सामने 7 सूत्रीय मांगें रखते हुए कॉलोनी की समस्याओं के स्थायी समाधान की मांग की।
प्रतिनिधिमंडल ने बिजली, स्ट्रीट लाइट, पेयजल, सीवेज, पार्क, भारी वाहनों और स्ट्रीट वेंडर्स से जुड़ी समस्याओं के साथ-साथ यातायात, पार्किंग, सुरक्षा और अन्य व्यवस्थाओं को लेकर भी कार्रवाई की मांग की।
RDA CEO ने दिया कार्रवाई का भरोसा
रहवासियों ने RDA CEO अवनीश शरण के सामने अपनी समस्याएं रखीं। प्रतिनिधिमंडल के मुताबिक CEO ने आवश्यक कार्रवाई का भरोसा दिया।
रहवासियों ने अवनी पब्लिक स्कूल परिसर में करीब 250 मजदूरों के रहने के लिए लेबर हाउस बनाए जाने पर भी आपत्ति जताई। प्रतिनिधिमंडल ने लेबर हाउस की अनुमति और भूमि उपयोग की जांच, परिसर का स्थल निरीक्षण, फायर सेफ्टी, बिजली, पेयजल, शौचालय, सीवेज और कचरा प्रबंधन की व्यवस्था की जांच कराने की मांग की।
इसके अलावा यातायात और पार्किंग व्यवस्था को लेकर भी चिंता जताई गई। रहवासियों ने सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और श्रमिकों के पहचान दस्तावेजों के सत्यापन की मांग रखी। नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग भी की गई।
स्ट्रीट वेंडर्स और नशीले पदार्थों की बिक्री पर भी कार्रवाई की मांग
प्रतिनिधिमंडल ने कॉलोनी में स्ट्रीट वेंडर्स से जुड़ी अव्यवस्था और नशीले पदार्थों की बिक्री संबंधी शिकायतों की जांच की मांग की। रहवासियों का कहना है कि सार्वजनिक स्थानों पर अनियंत्रित गतिविधियों से कॉलोनी की व्यवस्था प्रभावित हो रही है।
इस पर भी RDA CEO की ओर से आवश्यक कार्रवाई का भरोसा दिए जाने की बात प्रतिनिधिमंडल ने कही।
RDA अध्यक्ष से भी मुलाकात का इंतजार
प्रतिनिधिमंडल की RDA अध्यक्ष नंदे साहू से प्रत्यक्ष मुलाकात नहीं हो सकी। इसके बाद अध्यक्ष की ओर से कमल विहार आकर रहवासियों से मिलने का आश्वासन दिए जाने की बात सामने आई।
रहवासियों ने स्पष्ट किया कि उनकी मांगें किसी समुदाय या व्यक्ति विशेष के विरोध में नहीं हैं। उनका कहना है कि मुद्दा नियमों के पालन, सुरक्षित और स्वच्छ रहवासी वातावरण तथा कॉलोनी की मूलभूत सुविधाओं से जुड़ा है।
रहवासियों की 7 प्रमुख मांगें
1. बिजली कटौती और वोल्टेज की समस्या का समाधान
अघोषित बिजली कटौती और वोल्टेज के उतार-चढ़ाव की समस्या का तत्काल समाधान करने की मांग।
2. बंद स्ट्रीट लाइटें चालू हों
कॉलोनी में लंबे समय से बंद स्ट्रीट लाइटों की मरम्मत कर प्रमुख सड़कों पर पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग।
3. ओल्ड धमतरी रोड चौक पर पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था
ओल्ड धमतरी रोड चौक पर पर्याप्त स्पॉट लाइट लगाने की मांग, ताकि अंधेरे के कारण दुर्घटनाओं की आशंका कम हो।
4. स्वच्छ और सुरक्षित पेयजल
बदबूदार और दूषित पानी की शिकायतों का तत्काल समाधान कर रहवासियों को स्वच्छ एवं सुरक्षित पेयजल उपलब्ध कराने की मांग।
5. सीवेज और जल निकासी की व्यवस्था
जाम सीवेज चेंबरों की सफाई और सड़कों पर बहने वाले गंदे पानी तथा कीचड़ की समस्या का स्थायी समाधान करने की मांग।
6. पार्क एवं उद्यानों का रखरखाव
कॉलोनी के पार्कों और उद्यानों की नियमित सफाई, झाड़ियों की कटाई और आवश्यक रखरखाव सुनिश्चित करने की मांग।
7. भारी वाहनों और स्ट्रीट वेंडर्स पर नियंत्रण
रहवासी क्षेत्र में भारी कमर्शियल वाहनों और डंपरों की आवाजाही नियंत्रित करने के साथ स्ट्रीट वेंडर्स से पैदा हो रही अव्यवस्था की जांच और आवश्यक कार्रवाई की मांग।
रहवासियों ने कहा कि कमल विहार जैसे बड़े आवासीय क्षेत्र में मूलभूत सुविधाओं के साथ सुरक्षा और व्यवस्थित यातायात भी बेहद जरूरी है। अब रहवासियों की नजर RDA प्रशासन की ओर से इन मांगों पर होने वाली कार्रवाई पर है।









