
कांकेर। CG DASTAK
कांकेर। उत्तर बस्तर कांकेर जिले में कलेक्टर जनदर्शन के दौरान एक दिव्यांग आवेदक को तत्काल राहत मिली। नरहरपुर विकासखंड के सरोना निवासी संजय कुमार मरकाम बैटरी चलित ट्राइसिकल की मांग को लेकर जनदर्शन में पहुंचे थे। आवेदन पर कलेक्टर कुंदन कुमार ने तत्काल संज्ञान लेते हुए मौके पर ही ट्राइसिकल उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
आवेदन के बाद तुरंत हुई कार्रवाई
जनदर्शन में संजय कुमार मरकाम ने कलेक्टर के समक्ष बैटरी चलित ट्राइसिकल उपलब्ध कराने के लिए आवेदन दिया। कलेक्टर ने मामले को गंभीरता से लेते हुए समाज कल्याण विभाग के उप संचालक को तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

निर्देश के बाद विभाग की ओर से आवेदक को निःशुल्क बैटरी चलित ट्राइसिकल उपलब्ध कराई गई। कलेक्टर ने स्वयं आवेदक को ट्राइसिकल सौंपी।
त्वरित राहत मिलने पर जताया आभार
मौके पर ही अपनी मांग पूरी होने पर संजय कुमार मरकाम ने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और जिला प्रशासन के प्रति आभार जताया।
कलेक्टर कुंदन कुमार ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि दिव्यांग आवेदकों की समस्याओं और मांगों को संवेदनशीलता के साथ सुना जाए तथा पात्र मामलों में तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
प्रशासन की इस त्वरित पहल से आवेदक को जनदर्शन में ही बड़ी राहत मिल गई।









