
सतनामी पारा कोटा में आपसी विवाद के बाद युवक पर जानलेवा हमला; गंभीर हालत में अस्पताल में कराया गया था भर्ती, सरस्वती नगर पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा।

रायपुर। CG DASTAK
राजधानी रायपुर के सतनामी पारा कोटा इलाके में आपसी विवाद के बाद एक युवक पर जानलेवा हमला किए जाने का मामला सामने आया है। हमले में गंभीर रूप से घायल युवक की इलाज के दौरान मौत हो गई। मामले में सरस्वती नगर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के मुताबिक मृतक की पहचान महेश धृतलहरे के रूप में हुई है। वहीं गिरफ्तार आरोपियों के नाम तुषार मधुकर उर्फ बाऊ (19) और सुरेंद्र मधुकर उर्फ पोका (25) बताए गए हैं।
विवाद के बाद युवक पर किया हमला
पुलिस के अनुसार 7-8 अगस्त की दरम्यानी रात करीब 12:20 बजे सतनामी पारा कोटा में बलदाऊ के घर के पीछे महेश के साथ मारपीट की गई। हमले में उसके सिर, गर्दन और सीने पर गंभीर चोटें आईं।
घटना की जानकारी मिलने के बाद परिजन मौके पर पहुंचे। गंभीर हालत में महेश को अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

भाई को बचाने की आवाज सुनकर मौके पर पहुंचा परिवार
महेश के भाई राजेन्द्र धृतलहरे के मुताबिक घटना की रात वह अपने परिवार के साथ घर में सो रहा था। इसी दौरान करीब 12:30 बजे मोहल्ले का बल्लू रात्रे उसके घर पहुंचा और दरवाजा खटखटाकर महेश को बचाने की बात कही।
इसके बाद राजेन्द्र अपने भाई दिनेश के साथ घटनास्थल पर पहुंचा। वहां महेश गंभीर रूप से घायल हालत में पड़ा मिला। परिजनों के पूछने पर उसने बताया कि तुषार मधुकर उर्फ बाऊ और सुरेंद्र मधुकर उर्फ पोका ने उसके साथ मारपीट की है।
पुलिस ने कुछ ही घंटों में दोनों आरोपियों को पकड़ा
घटना की सूचना मिलने के बाद सरस्वती नगर पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू की। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के मुताबिक पूछताछ में आरोपियों ने आपसी विवाद के चलते महेश के साथ मारपीट करने की बात स्वीकार की। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में इस्तेमाल लकड़ी और ईंट भी जब्त की है।
दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है।
पुलिस कर रही मामले की जांच
पुलिस का कहना है कि मामले में घटनाक्रम, हमले की वजह और अन्य संबंधित तथ्यों की जांच की जा रही है। घटना से जुड़े अन्य पहलुओं को भी जांच में शामिल किया गया है।










