
रायपुर। CG DASTAK
राजधानी रायपुर के खमतराई थाना क्षेत्र में एक लापता युवक की लाश मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। रावाभाठा मैदान में सीमेंट पाइप के अंदर 23 वर्षीय युवक का शव मिला है। युवक की पहचान पवन टंडन के रूप में हुई है। वह पिछले तीन दिनों से लापता था और परिजन उसकी तलाश कर रहे थे।

तीन दिन से लापता था युवक
परिजनों के मुताबिक पवन टंडन 5 अगस्त से लापता था। काफी तलाश के बावजूद उसका कोई पता नहीं चल सका। शनिवार को स्थानीय लोगों ने मैदान में युवक का शव पड़े होने की सूचना पुलिस को दी।
सूचना मिलते ही खमतराई थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
सीमेंट पाइप के अंदर मिला शव
पुलिस के मुताबिक युवक का शव मैदान में सीमेंट पाइप के अंदर मिला। शव मिलने के बाद इलाके में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गईं। प्रारंभिक जानकारी में शव को पाइप के अंदर छिपाए जाने की आशंका सामने आ रही है, जिसके चलते पुलिस हत्या के एंगल से भी जांच कर रही है।
हालांकि, पुलिस ने अभी तक युवक की मौत के कारण को लेकर कोई अंतिम निष्कर्ष नहीं दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी।
FSL टीम ने जुटाए साक्ष्य
मामले की गंभीरता को देखते हुए FSL टीम को भी मौके पर बुलाया गया। टीम ने घटनास्थल से जरूरी साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ करने के साथ ही युवक के पिछले कुछ दिनों के संपर्क और गतिविधियों की जानकारी भी जुटा रही है।
हत्या या हादसा? जांच में जुटी पुलिस
युवक की मौत को लेकर हत्या और अन्य संभावित कारणों के एंगल से जांच की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि पवन आखिरी बार किन लोगों के साथ था और वह घटनास्थल तक कैसे पहुंचा।

फिलहाल पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही मौत की असली वजह सामने आएगी।










