
बिलासपुर के तखतपुर में तेज रफ्तार कार ने बाइक को मारी टक्कर, एक युवक गंभीर घायल; घटनास्थल से मिली ‘CMO’ लिखी नंबर प्लेट, पुलिस जांच में जुटी।

बिलासपुर। CG DASTAK
छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले के तखतपुर थाना क्षेत्र में तेज रफ्तार स्कोडा कार की टक्कर से बाइक सवार दो महिलाओं की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद कार चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने घटनास्थल से ‘CMO’ लिखी टूटी नंबर प्लेट बरामद की है और मामले की जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार, शुक्रवार (31 जुलाई) रात करीब 11 बजे मुंगेली-पथरिया मोड़ के पास सामने से आ रही स्कोडा कार ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सवार तीनों लोग सड़क पर दूर जा गिरे। हादसे में किरण बांसोड़ (36) और हेमलता साहू (39) की मौके पर मौत हो गई, जबकि भुनेश्वर साहू (32) गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें उपचार के लिए बिलासपुर सिम्स रेफर किया गया है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसे के दौरान कार तेज रफ्तार में थी। टक्कर के बाद कार के आगे लगी ‘CMO’ लिखी नंबर प्लेट टूटकर सड़क पर गिर गई, जिसे पुलिस ने जब्त कर लिया। हालांकि पुलिस ने अभी तक इस बात की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है कि हादसे के समय कार कौन चला रहा था।
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, संबंधित स्कोडा कार तखतपुर नगर पालिका के सीएमओ अमरेश सिंह से जुड़ी बताई जा रही है। हादसे के बाद क्षतिग्रस्त कार नगर पालिका परिसर में खड़ी मिली है। पुलिस कार और उससे जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

जरहागांव थाना पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। नंबर प्लेट, प्रत्यक्षदर्शियों के बयान और अन्य साक्ष्यों के आधार पर फरार चालक की तलाश की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।










