
दैनिक वेतनभोगी कर्मचारी पर दबाव बनाकर वेतन का बड़ा हिस्सा PhonePe-Paytm से ट्रांसफर कराने का आरोप, बैंक रिकॉर्ड और जांच समिति की रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई।
दुर्ग। CG DASTAK
हेमचंद यादव विश्वविद्यालय के कुलसचिव भूपेन्द्र कुमार कुलदीप को दैनिक वेतनभोगी महिला कर्मचारी के वेतन से ₹1,49,384 के कथित गबन के आरोप में दुर्ग पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी के खिलाफ मोहन नगर थाना में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 316(4) के तहत अपराध दर्ज किया गया है। कार्रवाई विश्वविद्यालय की जांच समिति की रिपोर्ट, बैंक अभिलेख और यूपीआई लेनदेन की जांच के आधार पर की गई।
पुलिस के अनुसार, पीड़िता श्रीमती शुभांगी मराठे विश्वविद्यालय में अर्धकुशल दैनिक वेतनभोगी कर्मचारी हैं। वह आरोपी के निवास पर भोजन बनाने का कार्य भी करती थीं। आरोप है कि उनका मासिक वेतन ₹11,515 था, लेकिन उन्हें केवल ₹2,200 अपने पास रखने के लिए कहा जाता था। शेष राशि कथित रूप से दबाव बनाकर PhonePe और Paytm के माध्यम से आरोपी के परिचित उदय कुलदीप के खाते में ट्रांसफर कराई जाती थी।
जांच में सामने आया कि 6 फरवरी 2025 से 4 जुलाई 2026 के बीच इस तरीके से कुल ₹1,49,384 का गबन किया गया। विश्वविद्यालय की जांच समिति की रिपोर्ट, बैंक खातों और यूपीआई ट्रांजेक्शन के परीक्षण में वित्तीय अनियमितताओं के साक्ष्य मिलने के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार किया।
पुलिस का कहना है कि आरोपी ने अपने पद का दुरुपयोग कर अधीनस्थ कर्मचारी पर आर्थिक दबाव बनाया और अनुचित वित्तीय लाभ प्राप्त किया। मामले में आगे की विवेचना जारी है। उपलब्ध जानकारी के अनुसार, गिरफ्तारी के बाद आरोपी को नियमानुसार जमानत पर रिहा कर दिया गया।










