दुर्ग में कांग्रेस नेता की लूट के दौरान हत्या: चाकू से गोदकर मार डाला, मोबाइल और नकदी लूटकर फरार 4 बदमाश

0

रात 2 बजे अस्पताल से घर लौट रहे थे प्रकाश सिंह कश्यप, विरोध करने पर किया ताबड़तोड़ हमला; पुलिस CCTV फुटेज खंगालने में जुटी

दुर्ग। CG DASTAK 

छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में कांग्रेस नेता एवं ग्राम तुमाकला के उपसरपंच प्रकाश सिंह कश्यप की लूट के दौरान चाकू मारकर हत्या कर दी गई। वारदात रविवार देर रात जेवरा-सिरसा थाना क्षेत्र में करगीडीह और चिखली चौक के बीच हुई। चार बाइक सवार बदमाशों ने पहले लूटपाट की कोशिश की और विरोध करने पर ताबड़तोड़ चाकू से हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल प्रकाश सिंह कश्यप की इलाज के दौरान मौत हो गई।

अस्पताल से लौटते समय रोका

जानकारी के अनुसार, कांग्रेस नेता एवं धमधा मंडल कोषाध्यक्ष प्रकाश सिंह कश्यप (45) रविवार रात भिलाई स्थित शंकराचार्य अस्पताल में एक रिश्तेदार से मिलने गए थे। देर रात करीब 2 बजे वे अपने दो साथियों के साथ बाइक से गांव लौट रहे थे। इसी दौरान चार बाइक सवार बदमाशों ने उनका रास्ता रोक लिया।

विरोध करने पर चाकू से किया हमला

बदमाशों ने प्रकाश सिंह कश्यप से मोबाइल और नकदी लूटने की कोशिश की। विरोध करने पर आरोपियों ने उन पर ताबड़तोड़ चाकू से हमला कर दिया। वारदात के बाद आरोपी उनका मोबाइल फोन और करीब 4 हजार रुपये नकद लूटकर फरार हो गए। उनके साथ मौजूद साथी किसी तरह जान बचाकर भाग निकले और पुलिस को सूचना दी।

इलाज के दौरान हुई मौत

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और गंभीर रूप से घायल प्रकाश सिंह कश्यप को जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

गांव में शोक, कांग्रेस कार्यकर्ताओं का प्रदर्शन

प्रकाश सिंह कश्यप ग्राम तुमाकला के उपसरपंच थे, जबकि उनकी पत्नी देवती बाई कश्यप वर्तमान में गांव की सरपंच हैं। घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर है। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मॉर्च्युरी हाउस के बाहर प्रदर्शन कर आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी और क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की।

पुलिस की कई टीमें जांच में जुटीं

पुलिस का कहना है कि शुरुआती जांच में मामला लूट के दौरान हत्या का प्रतीत हो रहा है। आरोपियों की पहचान के लिए आसपास के CCTV फुटेज खंगाले जा रहे हैं। अलग-अलग पुलिस टीमें संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं और जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी का दावा किया जा रहा है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here