पुष्पक एक्सप्रेस के टॉयलेट में फंदे से लटका मिला कोरबा के युवक का शव, उज्जैन घूमने गया था

0

कोरबा/बीना। CG DASTAK 

छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले के रहने वाले 30 वर्षीय गुरुवार सिंह का शव पुष्पक एक्सप्रेस के जनरल कोच के टॉयलेट की खिड़की से फंदे पर लटका मिला। घटना मध्यप्रदेश के बीना रेलवे स्टेशन के पास सामने आई। सूचना मिलते ही जीआरपी ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और मामले की जांच शुरू कर दी है।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार गुरुवार सिंह अपने एक दोस्त के साथ उज्जैन घूमने गया था। परिजनों ने बताया कि वह हाल ही में अपनी बाइक बेचने के बाद यात्रा पर निकला था। घटना की सूचना मिलने के बाद परिवार बीना के लिए रवाना हो गया।

जानकारी के मुताबिक, ट्रेन नंबर 12534 पुष्पक एक्सप्रेस गुरुवार रात भोपाल से रवाना हुई थी। करीब दो घंटे बाद ट्रेन के गार्ड की नजर जनरल कोच के शौचालय की खिड़की से लटके युवक पर पड़ी। इसके बाद रेलवे कंट्रोल रूम को सूचना दी गई और ट्रेन को बीना रेलवे जंक्शन पर रोका गया।

जीआरपी ने बीना स्टेशन पर शव को नीचे उतारकर तलाशी ली, जिसमें मिले आधार कार्ड के आधार पर मृतक की पहचान कोरबा निवासी गुरुवार सिंह के रूप में हुई।

पुलिस के अनुसार, ट्रेन में मौजूद कुछ यात्रियों ने बताया कि युवक भोपाल रेलवे स्टेशन से जनरल कोच में सवार हुआ था और कुछ समय तक कोच के गेट के पास बैठा था। इसके बाद वह कब शौचालय की ओर गया और किन परिस्थितियों में यह घटना हुई, इसकी जांच की जा रही है। फिलहाल मर्ग कायम कर सभी पहलुओं से जांच जारी है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here