
तेज रफ्तार बाइक सड़क किनारे लगे लोहे के बैरिकेड से टकराई, तीनों युवकों का अस्पताल में इलाज जारी

बिलासपुर। CG DASTAK
छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में गुरुवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। सकरी थाना क्षेत्र में तेज रफ्तार बाइक सड़क किनारे लगे लोहे के बैरिकेड से टकरा गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि बैरिकेड का करीब 7 फीट लंबा लोहे का पाइप बाइक सवार युवक प्रियांशु ज्ञानिक के पेट में घुसकर आर-पार निकल गया। हादसे में बाइक पर सवार उसके दो दोस्त अब्राहम और वरदान भी गंभीर रूप से घायल हो गए।

जानकारी के मुताबिक, जारहागांव निवासी प्रियांशु अपने दोनों दोस्तों के साथ देर रात बाइक से बिलासपुर से घर लौट रहा था। सकरी और पेंडरी के बीच मेन रोड पर अचानक बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे लगे लोहे के बैरिकेड से जा टकराई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
राहगीरों ने तत्काल डायल-112 और एम्बुलेंस को सूचना दी। गंभीर रूप से घायल प्रियांशु को एम्बुलेंस से अस्पताल पहुंचाया गया, जबकि अन्य दोनों घायलों को भी इलाज के लिए भर्ती कराया गया। चिकित्सकों के अनुसार तीनों का इलाज जारी है और प्रियांशु की हालत सबसे गंभीर बताई जा रही है।

घटना की जानकारी मिलते ही तखतपुर के एसडीएम नितिन तिवारी ने तहसीलदार को अस्पताल भेजकर पूरे मामले की जानकारी ली। प्रशासन भी मामले पर नजर बनाए हुए है।
प्रारंभिक जांच में हादसे का कारण बाइक की तेज रफ्तार बताया जा रहा है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।










