प्रेमी की तलाश में रेडियो टावर पर चढ़ी युवती, थाने में बोली- उसे बुलाओ, शादी कराओ; 5 घंटे बाद सुरक्षित उतारा

0

सूरजपुर। CG DASTAK 

छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले के चांदनी थाना क्षेत्र में शुक्रवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब करीब 20 वर्षीय युवती थाना परिसर में लगे रेडियो टावर पर चढ़ गई। युवती अपने प्रेमी को बुलाकर उससे शादी कराने की मांग पर अड़ गई।

जानकारी के अनुसार, युवती का आरोप है कि उसका प्रेमी कई महीने पहले उसे छोड़कर चला गया और तब से उसका मोबाइल भी बंद है। दोनों पिछले 3-4 वर्षों से रिश्ते में थे। इसी मामले में शिकायत दर्ज कराने और बयान देने के लिए युवती को थाने बुलाया गया था। बयान की प्रक्रिया के दौरान वह अचानक रेडियो टावर पर चढ़ गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, युवती लगातार पुलिस से अपने प्रेमी को थाने बुलाने और दोनों की शादी कराने की मांग करती रही। सूचना मिलते ही युवती के परिजन, गांव के सरपंच, उपसरपंच और बड़ी संख्या में ग्रामीण भी मौके पर पहुंच गए। सभी ने उसे समझाने की कोशिश की, लेकिन वह अपनी मांग पर अड़ी रही।

स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पुलिसकर्मी भी जान जोखिम में डालकर टावर पर चढ़े। करीब 4 से 5 घंटे की मशक्कत और समझाइश के बाद युवती को सुरक्षित नीचे उतार लिया गया।

पुलिस ने युवती को शांत कर उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया है। पुलिस का कहना है कि युवती की शिकायत की जांच की जा रही है और मामले के सभी पहलुओं की पड़ताल के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here