
सक्ती। CG DASTAK
दुर्ग से दोस्तों के साथ घूमने आया था युवक, SDRF-DDRF ने चलाया सर्च ऑपरेशन; अब बुधवार सुबह फिर होगी तलाश।

खबर:
सक्ती। छत्तीसगढ़ के सक्ती जिले के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल दमाऊधारा में मंगलवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया। यहां पिकनिक मनाने आए एक युवक की झरने में नहाने के दौरान पानी के तेज बहाव में बह जाने की घटना सामने आई है। सूचना मिलते ही पुलिस, प्रशासन और बचाव दल मौके पर पहुंचे, लेकिन देर शाम तक युवक का कोई सुराग नहीं मिल सका।
जानकारी के अनुसार, दुर्ग से कुछ युवक दमाऊधारा पर्यटन स्थल पर पिकनिक मनाने आए थे। सभी दोस्त झरने के पास घूमने और नहाने का आनंद ले रहे थे। इसी दौरान प्रतीक कंवर नाम का युवक झरने में नहाने के लिए उतरा। बताया जा रहा है कि अचानक उसका पैर फिसल गया और वह तेज बहाव की चपेट में आकर बह गया।
साथियों ने उसे बचाने का प्रयास किया, लेकिन पानी का बहाव इतना तेज था कि युवक कुछ ही क्षणों में उनकी नजरों से ओझल हो गया। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
सूचना मिलने पर स्थानीय पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। इसके बाद SDRF और DDRF की टीमों ने संयुक्त रूप से सर्च ऑपरेशन शुरू किया। देर शाम तक लगातार तलाश के बावजूद युवक का कोई पता नहीं चल सका।
अंधेरा होने के कारण रेस्क्यू अभियान फिलहाल रोक दिया गया है। प्रशासन के अनुसार बुधवार सुबह दोबारा सर्च ऑपरेशन शुरू कर युवक की तलाश की जाएगी।










