
रायपुर। CG DASTAK
देर रात मची अफरा-तफरी, छह से अधिक दोपहिया वाहन भी जले; कई घंटों की मशक्कत के बाद आग पर पाया गया काबू, शॉर्ट सर्किट की आशंका।

खबर:
रायपुर। राजधानी रायपुर के तेलीबांधा चौक स्थित सुंदरानी हार्डवेयर में मंगलवार-बुधवार की दरमियानी रात भीषण आग लगने से इलाके में हड़कंप मच गया। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और उसकी चपेट में ऑक्टोपस बार समेत तीन दुकानें आ गईं। आग में छह से अधिक दोपहिया वाहन भी जलकर खाक हो गए। राहत की बात यह रही कि इस हादसे में किसी जनहानि की सूचना नहीं है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आग सबसे पहले हार्डवेयर दुकान में लगी और कुछ ही देर में आसपास की दुकानों तक फैल गई। आग की लपटें इतनी तेज थीं कि तेज बारिश के बावजूद उस पर काबू पाने में काफी मशक्कत करनी पड़ी।
छत के रास्ते बचाई जान
ऑक्टोपस बार हार्डवेयर दुकान से सटा हुआ है। आग बढ़ने पर बार की ऊपरी मंजिल में मौजूद लोगों ने छत के रास्ते बाहर निकलकर अपनी जान बचाई। वहीं आसपास के मकानों में रहने वाले लोगों को भी समय रहते सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
दमकल और पुलिस ने संभाला मोर्चा
घटना की सूचना मिलते ही तेलीबांधा थाना पुलिस और फायर ब्रिगेड की कई गाड़ियां मौके पर पहुंच गईं। आग की गंभीरता को देखते हुए निजी पावर प्लांटों की दमकलों की भी मदद ली गई। कई घंटों की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काफी हद तक काबू पा लिया गया, जबकि कूलिंग का काम देर तक जारी रहा।
लाखों के नुकसान की आशंका

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, आग में ऑक्टोपस बार समेत तीन दुकानों को भारी नुकसान पहुंचा है। इसके अलावा बाहर खड़े कई दोपहिया वाहन भी जल गए। नुकसान का वास्तविक आकलन अभी किया जा रहा है।
तेलीबांधा थाना प्रभारी अजय झा के अनुसार, आग हार्डवेयर दुकान से शुरू हुई थी। शुरुआती तौर पर शॉर्ट सर्किट की आशंका जताई जा रही है, लेकिन आग लगने का वास्तविक कारण जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट होगा।










