जगदलपुर केंद्रीय जेल में गूंजी शहनाई: कोर्ट की अनुमति से बंदी ने प्रेमिका संग लिए सात फेरे

0

जगदलपुर। CG DASTAK 

शादी का झांसा देने के मामले में 7 महीने से जेल में था बंदी, समझौते और अदालत की अनुमति के बाद जेल परिसर में वैदिक रीति से हुआ विवाह

जगदलपुर। छत्तीसगढ़ के बस्तर जिले की केंद्रीय जेल में एक अनोखा विवाह चर्चा का विषय बन गया। विशेष न्यायालय की अनुमति के बाद जेल परिसर में बंदी सुरेश सेठिया और उसकी प्रेमिका (बदला हुआ नाम) ममता कुमारी ने वैदिक रीति-रिवाज से सात फेरे लिए। विवाह समारोह में जेल प्रशासन, पुलिस, अधिवक्ता और दोनों पक्षों के परिजन मौजूद रहे। विवाह की सभी कानूनी औपचारिकताएं पूरी होने के बाद बंदी को फिर से जेल बैरक भेज दिया गया।

जानकारी के अनुसार, दोनों की मुलाकात जगदलपुर के एक पेट्रोल पंप पर काम करने के दौरान हुई थी। दोस्ती धीरे-धीरे प्रेम संबंध में बदल गई। युवती ने आरोप लगाया था कि युवक ने शादी का वादा कर शारीरिक संबंध बनाए, लेकिन बाद में विवाह से इनकार कर दिया। इस मामले में युवक को गिरफ्तार कर करीब 7 महीने पहले जगदलपुर केंद्रीय जेल भेजा गया था।

बाद में दोनों पक्षों के बीच समझौता हुआ और दोनों ने अपनी इच्छा से विवाह करने का फैसला लिया। इसके बाद दोनों ने अदालत में संयुक्त आवेदन प्रस्तुत कर विवाह की अनुमति मांगी। सुनवाई के बाद विशेष न्यायाधीश (एट्रोसिटी) ने जेल नियमावली के तहत विवाह कराने के निर्देश दिए। इसके बाद केंद्रीय जेल परिसर में मंडप सजाकर वैदिक मंत्रोच्चार के बीच दोनों का विवाह संपन्न कराया गया।

वकील ने क्या कहा?

अधिवक्ता अवधेश झा के अनुसार, पीड़िता और अभियुक्त दोनों ने संयुक्त रूप से विवाह के लिए आवेदन दिया था। दोनों बालिग हैं और अदालत के आदेश के बाद जेल नियमावली के तहत उनका विवाह कराया गया। उन्होंने बताया कि दोनों के बीच पहले से प्रेम संबंध थे और अब आपसी सहमति से विवाह किया गया है।

जेल अधीक्षक बोले- पहला मामला

जेल अधीक्षक एस.एल. नायर ने बताया कि जगदलपुर केंद्रीय जेल में इस तरह का यह पहला विवाह है। बंदी ने भी विवाह की इच्छा जताई थी, जिसके बाद न्यायालय से अनुमति ली गई। सभी कानूनी प्रक्रियाओं का पालन करते हुए विवाह संपन्न कराया गया।

यह अनोखा विवाह अब पूरे बस्तर संभाग में चर्चा का विषय बना हुआ है, क्योंकि न्यायालय की अनुमति से जेल परिसर में इस तरह विवाह होने के मामले बेहद दुर्लभ माने जाते हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here