
दुर्ग। CG DASTAK
दुर्ग रेलवे स्टेशन पर एक्सप्रेस ट्रेन में चढ़ने के दौरान फिसले एरिया मैनेजर, ट्रैक पर गिरने से मौत; घटना का वीडियो वायरल

दुर्ग। छत्तीसगढ़ के दुर्ग रेलवे स्टेशन पर चलती ट्रेन में चढ़ने की कोशिश एक यात्री के लिए जानलेवा साबित हुई। ट्रेन में चढ़ते समय संतुलन बिगड़ने से यात्री प्लेटफॉर्म और ट्रेन के बीच ट्रैक पर गिर गया, जिससे उसकी मौत हो गई। हादसे का सीसीटीवी फुटेज अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

मृतक की पहचान ओरिएंटल इंश्योरेंस कंपनी के एरिया मैनेजर संदीप कुमार सिन्हा (58) के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, वे रोज की तरह रायपुर जाने के लिए दुर्ग रेलवे स्टेशन पहुंचे थे और उनके पास रेलवे का मासिक पास भी था।

बताया जा रहा है कि 23 जुलाई की सुबह करीब 5:45 बजे दुर्ग-रायपुर लोकल ट्रेन प्लेटफॉर्म नंबर-4 पर खड़ी थी। इसी दौरान पुणे-हटिया सुपरफास्ट एक्सप्रेस प्लेटफॉर्म नंबर-3 पर पहुंची। एक्सप्रेस ट्रेन के रवाना होने पर संदीप कुमार सिन्हा ने लोकल छोड़कर उसी ट्रेन में चढ़ने का प्रयास किया।

प्रत्यक्ष जानकारी के अनुसार, दौड़ते समय उनके हाथ में रखा लैपटॉप बैग फिसल गया, जिससे उनका संतुलन बिगड़ गया। ट्रेन के गेट पर लगी रॉड से पकड़ भी छूट गई और वे प्लेटफॉर्म व ट्रेन के बीच ट्रैक पर गिर पड़े। हादसे में उनका दायां पैर गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना मिलते ही आरपीएफ, जीआरपी और रेलवे प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। उन्हें तत्काल जिला अस्पताल भेजा गया, लेकिन अधिक रक्तस्राव के कारण उनकी मौत हो गई।
घटना के दो दिन बाद इस हादसे का सीसीटीवी फुटेज सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है। प्रारंभिक जांच में माना जा रहा है कि चलती ट्रेन में चढ़ने की कोशिश के दौरान संतुलन बिगड़ने से यह हादसा हुआ। रेलवे पुलिस मामले की जांच कर रही है।
रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि किसी भी परिस्थिति में चलती ट्रेन में चढ़ने या उतरने का प्रयास न करें, क्योंकि कुछ सेकंड बचाने की कोशिश कई बार पूरी जिंदगी पर भारी पड़ सकती है।










