200 रुपये के बिल पर अस्पताल में बवाल, चाकू लहराकर कर्मचारियों को दी धमकी; तोड़फोड़ का मामला दर्ज

0
8

बिलासपुर।cg dastak

बिलासपुर के तिफरा स्थित न्यू जनता अस्पताल में महज 200 रुपये के बिल भुगतान को लेकर विवाद इतना बढ़ गया कि इलाज कराने पहुंचे युवकों ने अस्पताल परिसर में जमकर हंगामा किया। आरोप है कि युवकों ने चाकू लहराकर अस्पताल कर्मचारियों और सुरक्षा गार्ड को धमकाया तथा अस्पताल में तोड़फोड़ भी की। घटना का वीडियो भी सामने आया है। पुलिस ने मामले में दो नामजद आरोपियों समेत अन्य के खिलाफ अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार, तिफरा स्थित बोरी फैक्ट्री के पास रहने वाले नारायण मिश्रा न्यू जनता अस्पताल में सुरक्षा गार्ड के रूप में कार्यरत हैं। उन्होंने सिरगिट्टी थाने में दर्ज शिकायत में बताया कि 15 जून की रात करीब 12:20 बजे दो युवक इलाज कराने अस्पताल पहुंचे थे। उपचार के बाद बिल भुगतान को लेकर उनकी अस्पताल कर्मचारियों वाशु और प्रियंका से कहासुनी हो गई।

विवाद बढ़ता देख सुरक्षा गार्ड नारायण मिश्रा ने दोनों युवकों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन आरोप है कि वे गाली-गलौज करने लगे। शिकायत के मुताबिक, दोनों ने अपने पास रखा धारदार चाकू निकाल लिया और उसे लहराते हुए सुरक्षा गार्ड को जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद अस्पताल परिसर में तोड़फोड़ कर मौके से फरार हो गए।

घटना की सूचना मिलने पर सिरगिट्टी पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई कर रही है। वहीं अस्पताल परिसर में हुई इस घटना के बाद कर्मचारियों और मरीजों में दहशत का माहौल है

 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here