
रायपुर। CG DASTAK
राजधानी रायपुर से लगे मंदिर हसौद थाना क्षेत्र में मंगलवार रात चाकू की नोक पर करीब 10 लाख रुपये की लूट की सनसनीखेज वारदात सामने आई है। बाइक सवार बदमाशों ने ठेकेदार के अकाउंटेंट को सुनसान सड़क पर रोककर नकदी से भरा बैग लूट लिया और मौके से फरार हो गए। घटना के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, पीड़ित सागर डेहरिया एक ठेकेदार के यहां अकाउंटेंट के पद पर कार्यरत है। मंगलवार रात वह सेरीखेड़ी से नया रायपुर की ओर करीब 10 लाख रुपये नकद लेकर जा रहा था। इसी दौरान मंदिर हसौद थाना क्षेत्र के एक सुनसान मार्ग पर बाइक सवार बदमाशों ने उसका पीछा कर रास्ता रोक लिया।
पीड़ित के अनुसार, आरोपियों ने चाकू दिखाकर उसे धमकाया और उसके पास मौजूद नकदी से भरा बैग छीन लिया। वारदात को अंजाम देने के बाद सभी आरोपी तेज रफ्तार बाइक से मौके से फरार हो गए।
सूचना मिलते ही मंदिर हसौद थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। साथ ही आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए अलग-अलग टीमों का गठन किया गया है।
प्रारंभिक जांच में पुलिस को आशंका है कि बदमाशों को नकदी ले जाने की पहले से जानकारी थी। ऐसे में पुलिस इस पहलू की भी जांच कर रही है कि वारदात में किसी परिचित या मुखबिर की भूमिका तो नहीं रही। फिलहाल मामले की जांच जारी है और पुलिस ने जल्द आरोपियों को गिरफ्तार करने का दावा किया है।










